सोना छुड़ाने का झांसा देकर धोखाधड़ी, पीड़ित ने दर्ज कराई एफआईआर; जांच में जुटी पुलिस
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बैंक से गिरवी रखे सोने के गहने छुड़वाने के नाम पर एक व्यक्ति से साढ़े तीन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
इंदिरापुरम में बैंक से गिरवी रखे सोने के नाम पर ठगी।
पीड़ित अरुण गुप्ता से साढ़े तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।
आरोपी विकास के खिलाफ एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित बैंक शाखा में गिरवी रखे सोने के गहने छुड़वाने के नाम पर 3.5 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दिल्ली इंद्रपुरी निवासी अरुण गुप्ता ने बताया कि वह अपने पार्टनर सन्नी गुप्ता के साथ बैंक में गिरवी रखे सोने के गहने छुड़वाकर खरीदते हैं। उन्होंने बताया कि उनका ऑनलाइन एड चलता है। उनका एड देखकर नोएडा सेक्टर-37 निवासी विकास ने उनसे संपर्क किया।
फोन कर बुलाया कोटक महिंद्रा बैंक
उसने अपना सोना दिल्ली मसूर विहार आइआइएपएल में रखे होने की जानकारी दी। बातचीत होने पर उसने उन्हें थाना क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक में बुलाया, जहां विकास का खाता फ्रीज होने की जानकारी मिली। उन्होंने विकास का खाता फ्रीज से हटवाकर उन्हें काल किया।
विकास ने 19 मई को उन्हें आदित्य माल पर बुलाया। अरुण ने विकास को खाते में डालने के लिए साढ़े तीन लाख रुपये दिए। आरोप है कि विकास ने रुपये किसी अन्य खाते में जमा कर दिए। रुपये दूसरे के खाते में जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने विकास से बात की।
आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
आरोप है कि विकास और उसके साथी ने उन्हें गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
