गाजियाबाद में 175 कारोबारियों से 26 करोड़ की ठगी, लग्जरी ट्रांसपोर्ट के नाम पर बनाया शिकार
गाजियाबाद में लग्जरी ट्रांसपोर्ट कारोबार में निवेश का झांसा देकर करीब 175 लोगों से 26 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगा है।
-1790394512820_m.webp)
175 लोगों से 26 करोड़ रुपये की ठगी। AI जनरेटेड
HighLights
लग्जरी ट्रांसपोर्ट कारोबार में निवेश का झांसा दिया गया।
175 लोगों से 26 करोड़ रुपये की ठगी हुई।
कोर्ट के आदेश पर 6 नामजद आरोपियों पर केस।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। लग्जरी ट्रांसपोर्ट कारोबार में निवेश और मोटे मुनाफे का झांसा देकर करीब 175 लोगों से 26 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है।
मामले में कोर्ट के आदेश पर सिहानी गेट थाने में 6 नामजद आरोपियों और अज्ञात एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि शुरुआत में निवेशकों को लक्जरी ट्रांसपोर्ट कारोबार में बेहतर रिटर्न का भरोसा दिया गया। बाद में क्रिप्टो, विदेशी मुद्रा कारोबार और डिजिटल संपत्ति में निवेश के नाम पर भी रकम ली गई।
वेबसाइट पर कुछ समय तक निवेश और रिटर्न दिखाई देते रहे, लेकिन बाद में वेबसाइट और एप बंद कर दिए गए और रकम वापस नहीं की गई।
ऋषिकेश निवासी प्रापर्टी डीलर 55 वर्षीय दिनेश कुमार शर्मा ने कोर्ट के आदेश पर सतीश कुमार उर्फ सतीश मोस्ट्रा निवासी कैथल, हैप्पी शेख निवासी सोलन, रोषविंदर सिंह उर्फ रविंद्र बांगड़ और देव बांगड़ निवासी कुरुक्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा धर्म सिंह रंधावा और नजीब को भी नामजद किया गया है। पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनकी मार्च 2020 में कुरुक्षेत्र निवासी देव बांगड़ से मुलाकात हुई थी।
आरोप है कि उन्हें मोहाली की ब्लूम ड्राइव नामक कंपनी में निवेश करने पर बेहतर रिटर्न का भरोसा दिया गया। इसके बाद फरवरी 2021 में उन्हें गाजियाबाद बुलाया गया और तीन लाख रुपये नकद लिए गए। निवेशकों के लिए अलग-अलग कंपनियों और वेबसाइटों पर खाते बनाए गए।
बताया कि शुरुआत में उनमें निवेश की रकम और रिटर्न दिखाई देता रहा। बाद में मई 2025 के बाद वेबसाइट और एप बंद कर दिए गए। आरोप है कि निवेशकों का डाटा भी हटा दिया गया और रकम वापस नहीं की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब 175 निवेशकों की लगभग 26 करोड़ रुपये की रकम फंसी है। जब उन्होंने रुपए मांगे तो उन्हें गाजियाबाद पुराने बस अड्डे के पास बुलाया गया। 18 अगस्त को पीड़ित जब आए तो उन्हें गाड़ी में डालकर धमकाया गया।
पीड़ित ने पहले 19 अगस्त को सिहानी गेट थाने में सूचना दी थी और 24 अगस्त को पुलिस आयुक्त को भी प्रार्थना पत्र भेजा था। कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर सिहानी गेट थाने में शुक्रवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
