विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में सिलेंडर में लगी आग, बेटी को बचाने लपटों में कूदे पिता झुलसे; 15 वर्षीय किशोरी की मौत

Published: Sat, 12 Sep 2026 10:24 PM (IST)

गाजियाबाद के भौवापुर में खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। बेटी ...और पढ़ें

कौशांबी थाना क्षेत्र के ग्राम भौवापुर में शनिवार की रात सिलिंडर में आग लगने से हड़कंप मच गया। एआई इमेज

कौशांबी थाना क्षेत्र के ग्राम भौवापुर में शनिवार की रात सिलिंडर में आग लगने से हड़कंप मच गया। एआई इमेज

HighLights

  1. गाजियाबाद में खाना बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में आग लगी।

  2. बेटी को बचाने के प्रयास में पिता गंभीर रूप से झुलसे।

  3. अस्पताल में इलाज के दौरान 15 वर्षीय किशोरी की मौत हुई।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र के ग्राम भौवापुर में शनिवार की रात 8:30 बजे एक बहुमंजिला इमारत के चौथे माले पर स्थित किराए के मकान में खाना बनाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अपनी 15 वर्षीय बेटी को आग की लपटों से बचाने के प्रयास में पिता झुलस गए जबकि इलाज के दौरान किशोरी की अस्पताल में मौत हो गई।

खाना बनाते समय सिलेंडर में भड़की आग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के मूल निवासी गुड्डू पुत्र राजाराम करण कौशांबी के भौवापुर गांव में एक मकान की चौथी मंजिल पर किराए पर रहते हैं। शनिवार रात करीब 8:30 बजे जब घर में खाना बन रहा था, तभी अचानक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

बेटी को बचाने कमरे में कूदे पिता

आग लगते ही गुड्डू, उनकी पत्नी और उनका बेटा जान बचाकर बालकनी की तरफ भागे। हालांकि, उनकी 15 वर्षीय बेटी कमरे के अंदर ही फंस गई और आग से बुरी तरह झुलसने लगी। बेटी की पुकार सुनकर पिता गुड्डू उसे बचाने के लिए बिना अपनी परवाह किए लपटों से घिरे कमरे में घुस गए, जिससे वह भी गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी की मौत

हादसे की सूचना रात करीब 8:40 बजे डायल 112 के जरिए पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्री को तुरंत यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने 15 वर्षीय किशोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुड्डू का इलाज जारी है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।

राहत कार्य जारी

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दमकल और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया।