गाजियाबाद में सड़क हादसे में यूपी पुलिस के सिपाही की मौत, ट्रेनिंग के बाद पहली पोस्टिंग के लिए जा रहा था चौकी
गाजियाबाद के लोनी में बंथला चिरोड़ी मार्ग पर ऑटो में सवार सिपाही सूरज को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी, जिसमें इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

HighLights
लोनी में ऑटो सवार सिपाही को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर।
सिपाही सूरज की जांघ की हड्डी टूटी, इलाज के दौरान मौत।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपी चालक की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, लोनी। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के बंथला चिरोड़ी मार्ग पर ऑटो में बैठकर थाने से चौकी जा रहे बंथला चौकी में तैनात सिपाही को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी।
हादसे में घायल सिपाही को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मूल रूप से ग्राम गढ़ी ठाकुरदास आगरा के रहने वाले 24 वर्षीय सूरज 2025 बैच के सिपाही थे।
ट्रेनिंग के बाद लोनी थाने में उनकी पहली तैनाती थी। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 4:30 बजे सिपाही सूरज लोनी थाना से बंथला चौकी ऑटो में आगे बैठकर जा रहे थे।

पहले जांघ की हड्डी टूटी फिर इलाज के दौरान हुई मौत
जैसे ही वह बंथला चिरौंड़ी मार्ग बाला जी नेत्रालय के पास पहुंचे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उनके पैर में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिपाही के दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को कौशांबी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।
उपचार के दौरान सिपाही सूरज को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपित वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
