विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में सर्राफा कारीगरों से 50 लाख का सोना लेकर कर्मचारी फरार, तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

Published: Sat, 25 Jul 2026 12:27 PM (GMT+05:30)

गाजियाबाद में एक सर्राफा कर्मचारी 50 लाख रुपये का 369 ग्राम गला हुआ सोना लेकर फरार हो गया, जिससे तीन कारीगरों को धोखा हुआ।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।

HighLights

  1. गाजियाबाद में सर्राफा कर्मचारी 50 लाख का सोना लेकर फरार।

  2. तीन कारीगरों से 369 ग्राम गला हुआ सोना लेकर भागा।

  3. पुलिस ने तीन आरोपियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में सर्राफा कारोबार से जुड़े तीन कारीगरों से करीब 50 लाख रुपये कीमत का 369 ग्राम गला हुआ सोना लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।

कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कन्हैयालाल मोहल्ला निवासी शेख मोहम्मद मोहसिन ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से सोने-चांदी के आभूषण बनाने का काम करते हैं। रामचंद्र सहाय ज्वेलर्स पर काम करने वाला मोनू उर्फ निशांत शर्मा 27 जून को गहने तैयार कराने के नाम पर 140 ग्राम गला हुआ सोना उनसे ले गया।

इससे पहले 14 जून को भी वह 74 ग्राम सोना ले चुका था। इसी तरह उसने एक अन्य कारीगर जाहिद और विमल शर्मा से गला हुआ सोना लिया। इस तरह कुल 369 ग्राम सोना उसके कब्जे में पहुंच गया।

50 लाख का सोना लेकर फरार हुआ आरोपी

24 जून को जब तीनों कारीगर दुकान पर पहुंचे तो मोनू वहां नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन बंद मिला और घर पर भी उसका कोई पता नहीं चला। पीड़ित का आरोप है कि मोनू ने अपने भाई आकाश शर्मा और साथी नितिन शर्मा के साथ मिलकर धोखाधड़ी की और करीब 50 लाख रुपये कीमत का सोना लेकर फरार हो गया।

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि तीनों आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। शीघ्र आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।