गाजियाबाद में बिजली निगम की बड़ी कार्रवाई, नए कनेक्शनों में घटिया केबल और मीटर के खेल पर सख्ती
बिजली निगम को नए कनेक्शनों में मानकों की अनदेखी की शिकायतें मिली हैं, जिनमें नान-आर्मर्ड केबल और नान-स्मार्ट मीटर का उपयोग शामिल है।

खामियों की शिकायतें सामने आई हैं। AI जनरेटेड
HighLights
नए बिजली कनेक्शनों में मानकों की अनदेखी की गंभीर शिकायतें मिलीं।
नान-आर्मर्ड केबल, नान-स्मार्ट मीटर जैसी कई तकनीकी खामियां उजागर।
पश्चिमांचल निगम 100 नए कनेक्शनों का औचक भौतिक निरीक्षण कराएगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। नए बिजली कनेक्शन जारी करने में मानकों की अनदेखी की शिकायतों ने विद्युत निगम की चिंता बढ़ा दी है। कनेक्शन देते समय नान-आर्मर्ड केबल का इस्तेमाल, नान-स्मार्ट मीटर लगाना, केबल की गलत ज्वाइंटिंग और मीटर-केबल कनेक्शन में लूज व इम्प्रापर ज्वाइंट जैसी खामियों की शिकायतें सामने आई हैं।
यही नहीं, मीटर की सीलिंग, टर्मिनल कनेक्शन और अर्थिंग व्यवस्था में भी मानकों के पालन पर सवाल उठे हैं। इन कमियों की हकीकत जांचने के लिए अब नए जारी किए गए कनेक्शनों का औचक भौतिक निरीक्षण कराया जाएगा।
भौतिक निरीक्षण कराया जाएगा
कारपोरेशन मुख्यालय में हुई बैठक के बाद इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सभी 12 जोनों में पिछले दिनों जारी किए गए नए कनेक्शनों में से 100 कनेक्शनों का औचक चयन कर टीपीआइए (थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी) से भौतिक निरीक्षण कराया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण में देखा जाएगा कि पोल से मीटर तक मानक के अनुरूप आर्मर्ड केबल लगी है या नहीं। केबल का साइज स्वीकृत लोड के हिसाब से है या नहीं, कहीं अवैध ज्वाइंट या कट तो नहीं लगाया गया है।
इसके अलावा नया स्मार्ट मीटर लगा है या नहीं, मीटर सही ऊंचाई पर स्थापित और सील है या नहीं, टर्मिनल पर केबल को मानक लुग्स के साथ कसकर जोड़ा गया है या नहीं, इसकी भी जांच होगी।
अर्थिंग की व्यवस्था, मीटर न्यूट्रल के लिए मानक अर्थिंग, एमसीबी की सही रेटिंग और प्वाइंट आफ कनेक्शन पर केबल की सुरक्षा भी निरीक्षण का हिस्सा होगी। प्रत्येक कनेक्शन की रिपोर्ट तय चेकलिस्ट पर तैयार की जाएगी।
