विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद वालों के लिए बड़ी राहत, GT रोड के सबसे बिजी हिस्से पर बनेगा एलिवेटेड रोड; ये है पूरा प्लान

Published: Thu, 24 Sep 2026 06:37 PM (IST)

गाजियाबाद में यातायात जाम से राहत और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 66.73 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. जीटी रोड पर दो किमी लंबा चार लेन एलिवेटेड रोड बनेगा।

  2. रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास से 23 हजार वाहनों को राहत।

  3. शहर में 30 स्थानों पर 4.50 करोड़ के ओपन जिम।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में जाम के सबसे बड़े दबाव वाले हिस्सों को प्राधिकरण ने राहत देने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने की तैयारी की है।

नगरीय अवस्थापना निधि समिति की बैठक में 66.73 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। इनमें जीटी रोड पर करीब दो किमी का चार लेन एलिवेटेड रोड, रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास और करीब 30 स्थानों पर ओपन जिम लगाया जाना प्रमुख हैं।

मंडलायुक्त एवं जीडीए बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि 31 अगस्त तक नगरीय अवस्थापना निधि में 272.53 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। वित्तीय वर्ष की संभावित आय मिलाकर 31 मार्च 2027 तक करीब 322.53 करोड़ रुपये उपलब्ध होने का अनुमान है।

घंटाघर रामलीला मैदान के सामने से चौधरी मोड़, भाटिया मोड़ होते हुए आधार सेवा केंद्र तक करीब दो किमी चार लेन एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। इसकी अनुमानित लागत 200.23 करोड़ रुपये है। नगरीय अवस्थापना निधि से 50.23 करोड़ रुपये की 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और करीब 100 करोड़ रुपये ऋण की व्यवस्था प्रस्तावित है।

इससे घंटाघर, रेलवे स्टेशन, आप्युलेंट माल, एसडीएम कोर्ट और एमएमएच कालेज क्षेत्र में यातायात दबाव घटाने का लक्ष्य है। विभिन्न योजनाओं के पार्कों और समूह आवासों में करीब 30 स्थानों पर 4.50 करोड़ रुपये से ओपन जिम लगाए जाएंगे।

23 हजार वाहनों वाले क्रॉसिंग पर अंडरपास

नया गाजियाबाद स्टेशन और एलटीएच क्रासिंग के बीच एलसी-3सी बीच वाला फाटक बंद कर अंडरपास बनाया जाएगा। ट्रैफिक सर्वे में यहां करीब 22,993 वाहनों का दबाव मिला। जीडीए की 12 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी निधि से देने को मंजूरी मिली है।

बुनकर मार्ट पर 60 करोड़ का भार हटाया

जीडीए से मिली जानकारी के अनुसार मधुबन-बापूधाम के निर्माणाधीन बुनकर मार्ट की पूर्व स्वीकृत 60 करोड़ रुपये की शेष राशि अब नगरीय अवस्थापना निधि के बजाय योजना मद से खर्च होगी। इससे निधि की रकम अन्य अवस्थापना परियोजनाओं के लिए उपलब्ध रहेगी।