विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद: तलाक के बाद बेटे का अपहरण करने पहुंचे पूर्व पति और देवर, महिला की शिकायत पर 6 लोगों पर केस दर्ज

Published: Sat, 05 Sep 2026 06:43 PM (IST)

साहिबाबाद की एक महिला ने अपने तलाकशुदा पति और देवर समेत छह लोगों पर बेटे के अपहरण का प्रयास करने और परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. महिला ने तलाकशुदा पति पर बेटे के अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया।

  2. देवर सहित छह लोगों पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

  3. साहिबाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र की महिला ने तलाकशुदा पति पर बेटे को अपहरण करने और देवर पर धमकाने का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

हिंडन एयरफोर्स स्टेशन निवासी शैली शर्मा ने बताया कि साल 2020 में उनकी शादी मेरठ निवासी आकाश शर्मा से हुई थी। आरोप है कि आकाश के अन्य युवतियों से संबंध थे। इसका विरोध करने पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

परेशान होकर साल 2023 में वह अपने बेटे कुंज को लेकर पिता के घर आ गईं। इसके बाद उन्होंने पति से तलाक ले लिया। फिलहाल एक अन्य वाद न्यायालय में विचाराधीन है।

13 अगस्त को हुआ अपहरण का प्रयास

आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को उनके घर आए आकाश ने उनके बेटे का अपहरण करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने सभी को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को रात करीब पौने नौ बजे उनका भाई शुभांक कोचिंग से घर आ रहा था। वह रास्ते में एक दुकान से कुछ सामान खरीदने लगा।

आरोप है कि आकाश और उसके ममेरे भाई गौरव ने शुभांक के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने कोर्ट में चल रहा वाद वापस न लेने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने पिता को फोन पर धमकी दी है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।