विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद एलिवेटेड रोड स्लिप रोड पर आज से शुरू होगी पिलर कास्टिंग, मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Published: Sun, 11 Oct 2026 09:08 AM (IST)

गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम और वसुंधरा के लिए स्लिप रोड निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। ...और पढ़ें

गाजियाबाद एलिवेटेड रोड स्लिप रोड पर आज से शुरू होगी पिलर कास्टिंग ( एआई जेनरेटेड इमेज )

गाजियाबाद एलिवेटेड रोड स्लिप रोड पर आज से शुरू होगी पिलर कास्टिंग ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. एलिवेटेड रोड स्लिप रोड पर पिलर कास्टिंग शुरू।

  2. इंदिरापुरम, वसुंधरा को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी का लाभ।

  3. वाहन चालकों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने के लिए लंबा चक्कर लगाने की मजबूरी जल्द खत्म होने वाली है। प्राधिकरण ने इंदिरापुरम और वसुंधरा की तरफ बनने वाली स्लिप रोड के निर्माण को रफ्तार देने की तैयारी कर ली है।

नवरात्रि के पहले दिन यानी आज पिलर कास्टिंग का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही निर्माण कार्य के अगले महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत होगी। स्लिप रोड पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भ्रम से बचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर दिशा सूचक भी लगाए जाएंगे।

अब वाहन चालकों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा

करीब 80.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में दो स्लिप रोड तैयार की जा रही हैं। एक की लंबाई करीब 590 मीटर और दूसरी की 620 मीटर होगी। दोनों का कैरिजवे 7.5 मीटर चौड़ा होगा।

परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली, इंदिरापुरम और वसुंधरा की ओर आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों को सीधा कनेक्टिविटी विकल्प मिलेगा। परियोजना की खास चुनौती नहर के ऊपर पिलर निर्माण है।

इसके लिए सिंचाई विभाग से एनओसी की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। नहर के ऊपर तीन पिलर बनाए जाने हैं। कर्मचारियों के लिए निर्माण स्थल पर अस्थायी कार्यालय और रहने की व्यवस्था की जा रही है।

क्या है पिलर कास्टिंग

पिलर कास्टिंग का मतलब घर या किसी भी निर्माण में आरसीसी पिलर या कालम के अंदर सरिया बांधकर, उसके चारों तरफ शटरिंग (फरमा) लगाकर उसमें सीमेंट, रेत, गिट्टी और पानी का कंक्रीट मसाला भरकर ढलाई की प्रक्रिया है।


जाम से मिलेगी राहतअभी एलिवेटेड रोड पर चढ़ने-उतरने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पीक आवर में इसका असर आसपास की सड़कों पर भी दिखाई देता है। स्लिप रोड बनने के बाद एलिवेटेड रोड से सीधे प्रवेश और निकास की सुविधा मिलेगी।


स्लिप रोड शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाएगा। वाहन चालकों को चढ़ने और उतरने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मार्ग पर आवश्यक दिशा सूचक और यातायात संकेतक भी लगाए जाएंगे।- नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए