विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में बिना वैकल्पिक व्यवस्था दुकानें हटाने का कांग्रेस ने किया विरोध, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:11 PM (GMT+05:30)

गाजियाबाद के मोदीनगर में प्रस्तावित फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज से प्रभावित व्यापारियों की दुकानों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाने का जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध किया है।

मोदीनगर आरओबी से प्रभावित व्यापारियों के लिए कांग्रेस ने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग।

मोदीनगर आरओबी से प्रभावित व्यापारियों के लिए कांग्रेस ने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग।

HighLights

  1. कांग्रेस ने मोदीनगर आरओबी प्रभावित व्यापारियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

  2. जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उचित पुनर्वास मांगा।

  3. विकास कार्यों का विरोध नहीं, पर व्यापारियों की आजीविका उजाड़ना गलत।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मोदी नगर में गाजियाबाद-सहारनपुर रेलवे लाइन पर प्रस्तावित फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) से प्रभावित महाकाली मार्केट, इंदिरा कॉम्प्लेक्स और राजा कॉम्प्लेक्स के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों के हितों की रक्षा और उचित पुनर्वास की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन बाजारों में अनेक व्यापारी 40 से 50 वर्षों से दुकानें संचालित कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। कई दुकानदारों के पास रजिस्ट्री, किरायानामा, किराया रसीद, बिजली बिल समेत अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों को हटाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं: सतीश शर्मा

सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास की कीमत व्यापारियों की आजीविका उजाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों का पारदर्शी सर्वे, दस्तावेजों का परीक्षण, उचित मुआवजा और सामूहिक वैकल्पिक व्यावसायिक स्थल उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में प्रशासन, रेलवे और व्यापारियों के बीच बैठक कर समस्या का समाधान करने की भी मांग की गई। इस दौरान अमित गुप्ता, रूबी मलिक, अरुण चौधरी, मनोज वर्मा, अरविंद चौधरी समेत व्यापारी और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत; एक गंभीर