गाजियाबाद में स्कूटी सवार चार किशोरों को कार ने मारी टक्कर, दो दोस्तों की मौत
गाजियाबाद के कनावनी पुश्ता रोड पर कार ने स्कूटी को टक्कर मारी, जिससे दो किशोरों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित कार ड्राइवर। फोटो- जागरण
HighLights
कनावनी पुश्ता रोड पर कार ने स्कूटी को मारी टक्कर
हादसे में स्कूटी सवार दो किशोरों की मौत हो गई
चारों किशोरों ने नहीं लगाया हुआ था हेलमेट
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी पुश्ता रोड पर एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर बैठे चार किशोरों में से दो की मौत हो गई। दो घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। चारों किशोरों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
पुलिस ने आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार देर शाम कनावनी पुश्ता रोड पर कार ने आगे जा रही स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर चार किशोर कनावनी गांव निवासी शाकिब (10), सत्यम (13), पीयूष उर्फ गोलू (11) और वसुंधरा सेक्टर-दो निवासी अंश (14) सवार थे।
सीसीटीवी फुटेज से ट्रेस किया कार का नंबर
अंश स्कूटी चला रहा था। हादसे के बाद कार चालक उन्हें अस्पताल ले गया। अस्पताल में छोड़ वह वहां से भाग गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने शाकिब और सत्यम को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को घटना की सूचना दी। एसीपी ने बताया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से कार का नंबर ट्रेस किया गया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से कार चालक साहिल निवासी लोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह टैक्सी चालक है। उसे जेल भेज दिया गया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।
दोस्तों को छोड़ने जा रहा था अंश
चारों दोस्त मूल रूप से बिहार के के रहने वाले हैं। अंश के पिता रामकृष्ण यादव ने बताया कि अंश नौवीं का छात्र है। वह और उसके दोस्त आम्रपाली स्कूल में अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ते थे। एक साल पहले वसुंधरा में शिफ्ट हुए थे। इससे पहले वह भी कनावनी गांव में रहते थे।
