विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में कैंसर की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान, 40 जगह होगी स्क्रीनिंग

Published: Tue, 21 Apr 2026 07:48 AM (IST)

गाजियाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने कैंसर की रोकथाम के लिए सक्रियता बढ़ाई है। पहले चरण में 40 स्थानों पर कैंसर के संदिग्ध मरीजों की जांच की जाएगी।

लोगों को जागरुक करती युवराज फाउंडेशन की टीम की डाक्टर। सौ. संस्था

लोगों को जागरुक करती युवराज फाउंडेशन की टीम की डाक्टर। सौ. संस्था

HighLights

  1. छह महीने तक 40 क्षेत्रों में होगी कैंसर के संदिग्ध मरीजों की जांच

  2. युवराज फाउंडेशन का मिल रहा है विशेष सहयोग

  3. गाजियाबाद समेत प्रदेश के चार जिलों में संचालन

मदन पांचाल, गाजियाबाद। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में टीबी ,खसरा और डिप्थीरिया के बाद कैंसर रोकथाम को भी स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। इनमें मुंह, ब्रेस्ट और सर्विकल कैंसर शामिल है।एनसीडी(नान कम्यूनिकेबल डिजीज) विंग द्वारा जारी किये गये जांच शिविर के रोस्टर के अनुसार पहले चरण में 40 स्थान चिन्हित किये गये हैं।

जारी किये गये रोस्टर में संभावना जताई गई है कि इन क्षेत्रों में कैंसर के संदिग्ध मरीज अधिक मिल सकते हैं। कैंसर रोगियों की बढ़ती संख्या के रोकथाम एवं समय पर जांच के बाद इलाज के माध्यम से नियंत्रित करने के लिए छह महीने तक इन 40 क्षेत्रों में कैंसर की जांच को विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके लिए क्रिकेटर युवराज की एनजीओ युवराज फाउंडेशन का विशेष सहयोग लिया जा रहा है।

पहले चरण में गाजियाबद में शुरू

इन क्षेत्रों में भोजपुर, मुरादनगर, लोनी और डासना के कुछ गांव भी शामिल है। यह पायलट प्रोजेक्ट गाजियाबाद समेत प्रदेश के चार जिलों में संचालित किया जाना है। पहले चरण में गाजियाबद में शुरू हो गया है। सफलता के बाद पूरे प्रदेश में इसे लागू किया जायेगा।

मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट के माध्यम से यह जांच 13 अगस्त तक की जायेगी। उत्तर प्रदेश कैंसर केयर स्कीनिंग कार्यक्रम के तहत यह यूनिट इन दिनों डासना और मसूरी क्षेत्र में घूमकर जांच कर रही है। जांच के संग लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

इन क्षेत्रों में कैंसर के संदिग्ध रोगियों की होगी जांच

डासना, मसूरी, रघुनाथपुर,त्यौड़ी,नाहली,कलछीना,मोदीनगर, मुरादनगर,सुराना,जलालपुर,रावली कलां,भनैड़ा,खिंदौड़ा,संतोष विहार लोनी,वेद विहार,राहुल गार्डन,इंदिरापुरी लक्ष्मी गार्डन,जवाहर नगर,खोड़ा गाजियाबाद साइड, खोड़ा नोएडा साइड,मकनपुर, खैराती नगर,विजयनगर,करहैड़ा,शालीमार गार्डन,महाराजपुर,सरस्वती कालोनी,सद्दीकनगर,कनावनी,हरसांव,दौलतपुरा,भोपुरा,मेवला भट्टी,जावली,मंडौला,चिरौड़ी,निवाड़ी,फरीदनगर,

40 स्थानों पर कैंसर की जांच अत्याधुनिक मशीनों की मदद से की जायेगी। इनमें डासना, मुरादनगर,भोजपुर और लोनी शामिल हैं। इन स्थानों पर 40000 हजार से अधिक लोगों की स्कीनिंग किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीएचसी और पीएचसी पर तैनात चिकित्सक एवं स्वास्थ्यर्मी इस जांच शिविर में पूरा सहयोग करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर मिलने वाले कैंसर रोगियों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जायेगी।



-

- डॉ. आरके गुप्ता, जिला सर्विलांस अधिकारी(नोडल एनसीडी)

यह प्रोजेक्ट प्रदेश के चार जनपदों गाजियाबाद, वाराणसी, चन्दोली एवं मिर्जापुर जनपद में चलाया जाना है। प्रथम चरण में प्रदेश में सबसे पहले गाजियाबाद में प्रारम्भ किया गया है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित 40 स्थानों पर ओरल , ब्रेस्ट एवं सर्विकल कैंसर की जांच अत्याधुनिक मशीनों की मदद से की जा रही है।


-

- डॉ. रितिका सिंह, समन्वयक युवराज एनजीओ