विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मुझे छुट्टी नहीं देता था', गाजियाबाद में गार्ड ने बैंक मैनेजर की गोली मारकर की हत्या

Published: Mon, 16 Mar 2026 03:28 PM (IST)Updated: Mon, 16 Mar 2026 09:28 PM (IST)

गाजियाबाद के लोनी में पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर अभिषेक को बैंक के गार्ड रवि ने गोली मार दी। ...और पढ़ें

मैनेजर को गोली मारने की सूचना के बाद बैंक पहुंची पुलिस टीम। फोटो- जागरण

मैनेजर को गोली मारने की सूचना के बाद बैंक पहुंची पुलिस टीम। फोटो- जागरण

HighLights

  1.  सोमवार को बिना बताये गार्ड ने की थी छुट्टी, फोन पर दोनों में हो गया था विवाद

  2. गार्ड साथी के साथ पहुंचा बैंक, अपनी बंदूक लेकर मारी थी सीने में गोली

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की बलराम नगर कालोनी में छुट्टी न देने से गुस्साये बैंक के सुरक्षा गार्ड ने मैनेजर के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार को गार्ड ने बिना बताये छुट्टी ले ली थी, इस पर मैनेजर ने गार्ड को फोन पर डांट दिया था। इसके बाद गार्ड दोपहर में साथी के साथ बाइक से बैंक पहुंचा और बैंक में जमा अपनी दुनाली बंदूक लेकर मैनेजर के सीने में गोली मार कर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

दिनदहाड़े बैंक में हुई इस वारदात से भगदड़ मच गई और स्टाफ व ग्राहकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपित की गिरफ्तारी के पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है।

GZB Khabar (3)

लोनी में बैक मैनेजर को गोली मारने के बाद हाथ हथियार लेकर बाहर निकलता गार्ड। वीडियो ग्रैब

क्या है पूरा मामला?

मूलरूप से पटना के बरियारपुर के लखीपुर गांव के रहने वाले अभिषेक शर्मा 34 वर्ष वर्तमान में भौपुरा स्थित दिल्ली 99 सोसायटी में पत्नी राधिका कुमारी व दो साल की बेटी आरोही के साथ रहते थे। वह दिल्ली स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में नौकरी करते थे और जून 2025 में प्रमोशन पाकर बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के शाखा प्रबंधक बने थे।

बैंक में ही तीन माह पूर्व बागपत के खेखड़ा स्थित मंसूरपुर गांव का रविंद्र हुड्डा मनु चौपड़ा सिक्यारिटी सर्विस के माध्यम से सुरक्षा गार्ड की नौकरी पर लगा था। वह 2018 में फौज से सेवानिवृत हुआ था। बैंक के कर्मचारियों के मुताबिक रविंद्र अक्सर बिना बताए छुट्टी लेता था। इस बात पर अभिषेक उसे डांटते थे।

गार्ड साथी के साथ पहुंचा बैंक

इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ। सोमवार को भी रविंद्र ने बिना बताये छुट्टी कर ली। सोमवार को दो दिन के अवकाश के बाद बैंक खुलने पर सुरक्षा कारणों से अभिषेक ने फोन पर रविंद्र को डांट दिया। इससे गुस्साया रविंद्र दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने साथी के साथ बाइक पर बैंक पहुंचा।

साथी को बाहर खड़ा कर वह भीतर गया और अंदर जमा अपनी बंदूक मैनेजर से ली। इसके बाद मैनेजर के केबिन में दोनों के बीच विवाद हुआ और रविंद्र ने अभिषेक के सीने में गोली मारी और बाहर इंतजार कर रहे साथी के साथ फरार हो गया। घटना के समय बैंक में छह कर्मचारी और करीब 40 ग्राहक थे।

GZB Khabar (2)

पुलिस गिरफ्त में हत्या का आरोपित गार्ड रविन्द्र हुड्डा और उसका साथी शिशुपाल। जागरण

गोली चलने से बैंक परिसर में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने अभिषेक को पास के ही 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो बैंक के भीतर व बाहर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली और अभिषेक शर्मा के स्वजन को सूचना दी। 

घर में कार्यक्रम के चलते छुट्टी मांग रहा था गार्ड

बैंक के कर्मचारियों ने बताया कि रविंद्र के घर में कुछ कार्यक्रम का आयोजन होना था। जिस कारण वह मैनेजर से पिछले तीन माह से छुट्टी मांग रहा था लेकिन मैनेजर सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर उसे छुट्टी नहीं दे रहे थे, इसके बाद भी रविंद्र बिना बताये छुट्टी लेता था, जिसका मैनेजर विरोध करते थे और दोनों के बीच विवाद होता था। कई बार दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी।