पीएलआई की विसंगतियां दूर करने और पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग, गाजियाबाद में बैंक कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
बैंक कर्मचारियों ने गाजियाबाद में प्रदर्शन कर प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन में विसंगतियां दूर करने और बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की।

हड़ताल पर सरकारी बैंककर्मी। जागरण
HighLights
बैंक कर्मचारियों ने गाजियाबाद में प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं।
प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन में विसंगतियां दूर करने की मांग प्रमुख।
बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने नवयुग मार्केट स्थित केनरा बैंक के बाहर प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन में विसंगतियां दूर करने और बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन के सहायक महामंत्री विनोद कुमार ने कहा कि प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन व्यवस्था में कर्मचारियों के बीच किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
लंबे समय से उठाई जा रहीं मांगें
उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को भी अन्य क्षेत्रों की तरह बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि देशभर के बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं। 11 सितंबर की देशव्यापी हड़ताल को लेकर कर्मचारियों में रोष है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। इस दौरान विभिन्न बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।
