हफ्ते भर से लापता पिता का गाजियाबाद के जंगल में मिला शव, बच्चों ने कलाई पर बंधे धागे से पहचाना; हत्या की आशंका
साहिबाबाद के जावली गांव के जंगल में एक ऑटो चालक का कई दिन पुराना शव नीम के पेड़ से लटका ...और पढ़ें

HighLights
साहिबाबाद में ऑटो चालक का शव पेड़ पर लटका मिला।
मृतक नरेश कुमार कई दिनों से लापता थे।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र के जावली गांव के जंगल में शुक्रवार दोपहर आटो चालक का कई दिन पुराना शव नीम के पेड़ पर लटका मिला। चालक करीब एक सप्ताह से लापता था।
मृतक के बच्चों ने चप्पल और हाथ में बंधे कलावे से उसकी शिनाख्त की है। स्वजन ने हत्या का शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर चालक राजेश खेत में जोताई कर रहे थे। इस दौरान एक पेड़ पर कई दिन पुराना शुव देखकर पुलिस का सूचना दी।
शव शिनाख्त के हुए प्रयास
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर शिनाख्त के प्रयास किए। शव मिलने की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान श्रीराम कॉलोनी निवासी विनय मौके पर पहुंचे।
उन्होंने चप्पल और हाथ पर बंधे कलावे से मृतक की शिनाख्त अपने पिता नरेश कुमार के रूप में की। मृतक की जेब से एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि श्रीराम कॉलोनी निवासी आटो चालक नरेश कुमार (50) आटो लेकर 12 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे।
स्वजन ने काफी तलाशने का प्रयास किया लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद स्वजन ने 13 सितंबर को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।
शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसीपी शालीमार गार्डन ने बताया कि मामले में सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
रोड पर बनी जाम की स्थिति
लोनी-भोपुरा रोड पर एक ओर पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। जिस कारण एक रोड पर लोगों की आवाजाही है। जानकारी मिलने के बाद लोग अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर शव देखने चले गए। जिस कारण रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। करीब दो घंटे लोगों को जाम में परेशान होना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस ने जाम खुलवाया। जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
