इंद्रप्रस्थ में सात घंटे बिजली गुल, 15 हजार लोग पानी को तरसे; भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
साहिबाबाद की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सात घंटे बिजली गुल रहने से 15 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए और पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।

फॉल्ट ठीक करता विद्युतकर्मी।
HighLights
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सात घंटे बिजली कटौती से लोग परेशान।
15 हजार से अधिक लोगों को पानी की किल्लत हुई।
ओवरलोड उपकेंद्र के कारण बार-बार फाल्ट हो रहे हैं।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। टीला मोड की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की बृहस्पतिवार को सात घंटे बिजली कटौती हुई। इससे यहां के 15 हजार से अधिक लोगों के भीषण गर्मी में पसीने छूटने के साथ ही पानी तक नहीं मिल सका।
दिनभर पानी नहीं मिलने से लोगों का बुरा हाल हो गया। लोगों का कहना है कि आए दिन अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है।
लोगों ने बताया कि इंद्रप्रस्थ विद्युत उपकेंद्र ओवरलोड है। उपकेंद्र की क्षमता 20एमवीए है, जबकि लोड 40एमवीए से अधिक है। इससे आए दिन फाल्ट के कारण बिजली कटौती से जूझना पड़ता है।
कभी तारों में आग लग जाती है तो कभी ट्रांसफार्मर के केबल फुंक जाते हैं। इससे अंधाधुंध बिजली कटौती होती है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 4:00 बजे बिजली कट गई थी। इसके बाद 11 बजे बिजली आपूर्ति सामान्य हुई।
एक-एक घंटे में डाउन हुए इंवर्टर
इन्वर्टर भी महज एक-दो घंटे में ही डाउन हो गए। सुबह में ही बिजली कटौती के कारण लोग मोटर भी नहीं चला सके। इससे टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर पाए।
लोगों ने बताया कि इसकी शिकायत एसडीओ, जेई समेत अन्य अधिकारियों से की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। इसके अलावा वसुंधरा, इंदिरापुरम, कौशांबी, राजेंद्र नगर, शहीदनगर और शालीमार गार्डन में भी अलग-अलग समय पर तीन से चार घंटे बिजली कटौती हुई।
बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। रोजाना पांच से छह घंटे बिजली कटौती होना आम बात है। तमाम शिकायतों के बाद भी अधिकारी समाधान नहीं कर रहे हैं।
-अंकित चौधरी, उपाध्यक्ष, आरडब्ल्यूए इंद्रप्रस्थ डी-ब्लॉक।
बिजली कटौती के कारण यहां की 15 हजार आबादी को पानी तक नहीं मिल सका। दिनभर लोग परेशान रहे। बच्चे और बुजुर्गों का बुरा हाल हो गया।
-नरेंद्र धामा, प्रवक्ता, आरडब्ल्यूए इंद्रप्रस्थ डी-ब्लॉक।
11केवी लाइन में फाल्ट होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। लोगों को निर्बाध बिजली मिले इसके लिए एक ट्रांसफार्मर और लगाया जा रहा है।
-बृज मोहन दुबे, एसडीओ, विद्युत उपकेंद्र इंद्रप्रस्थ।
