100 से अधिक लूट करने वाला एसी मैकेनिक गिरफ्तार
कविनगर थाना पुलिस ने लूट व स्नैचिग की 100 से अधिक वारदात को अंजाम देने वाले एसी मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। वह कविनगर थाने का गैंग्स्टर भी रहा है। आरोपित से दो मोबाइल बाइक व चाकू मिला है। वह गाजियाबाद शहर के सभी थानाक्षेत्रों में लगातार लूटपाट कर रहा था।
जासं, गाजियाबाद : कविनगर थाना पुलिस ने लूट व स्नैचिग की 100 से अधिक वारदात को अंजाम देने वाले एसी मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। वह कविनगर थाने का गैंगस्टर भी रहा है। आरोपित से दो मोबाइल, बाइक व चाकू मिला है। वह गाजियाबाद शहर के सभी थानाक्षेत्रों में लगातार लूटपाट कर रहा था।
एसएचओ कविनगर राजकुमार शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात संजयनगर से शालीमार गार्डन निवासी मोईन उर्फ समीर को गिरफ्तार किया गया है। सूचना के आधार पर पकड़े गए आरोपित से नवंबर और दिसंबर में लूटे गए दो मोबाइल मिले हैं। पूछताछ में मोईन ने बताया कि वह इंदिरापुरम क्षेत्र में एसी मैकेनिक की शॉप पर काम करता है।दो साल पहले उसने लूटपाट शुरू की थी। दिखावे के लिए वह एसी मैकेनिक है, जबकि लूटपाट ही उसका मुख्य पेशा है। उसके खिलाफ साहिबाबाद, कविनगर और सिहानी गेट थाने में 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। मोईन लूटपाट के ही मामले में पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। जनवरी में कविनगर पुलिस ने मोईन पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर गिरफ्तार किया था। चार माह पूर्व ही जेल से छूटा था, जिसके बाद से लगातार घटनाएं कर रहा था। पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की भी तलाश में जुटी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप