विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबाबाद: गंगाजल पाइपलाइन फटने से वैशाली में पेयजल संकट, निगम पर लापरवाही का आरोप

Published: Sat, 19 Sep 2026 07:50 PM (IST)

साहिबाबाद के वैशाली सेक्टर-3 एफ में गंगाजल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से 100 से अधिक परिवारों को पेयजल संकट और जलभराव का सामना करना पड़ा।

वैशाली सेक्टर- तीन एफ में पाइप लाइन टूटने केकारण गली में भरा पेयजल। सुधी पाठक

वैशाली सेक्टर- तीन एफ में पाइप लाइन टूटने केकारण गली में भरा पेयजल। सुधी पाठक

HighLights

  1. वैशाली सेक्टर-3 एफ में गंगाजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई।

  2. 100 से अधिक परिवारों को पेयजल समस्या झेलनी पड़ी।

  3. नगर निगम की टीम मरम्मत के लिए देर तक नहीं पहुंची।

जागरण संवादाता, साहिबाबाद। वार्ड-77 वैशाली सेक्टर-3 एफ में शनिवार को गंगाजल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।इससे 100 से अधिक परिवारों को पेजयल की समस्या झेलनी पड़ी। इसके अलावा गली में जलभराव से भी लोग परेशान रहे। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों का आरोप है कि सुबह शिकायत करने के बाद भी शाम तक नगर निगम की टीम मरम्मत के लिए नहीं पहुंची।

सेक्टर-3 एफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि करीब डेढ़ साल से जर्जर पाइपलाइन की शिकायत की जा रही है, लेकिन जलकल विभाग के अधिकारियों ने इसे बदला नहीं है।

शनिवार को सुबह सात बजे करीब मकान संख्या 360 से 377 तक गंगाजल की पाइपलाइन में लीकेज हो गई। यहां पानी की टंकी के साथ चारों तरफ की दीवार है, वो एक तरफ टूटी है, जिससे कई बार पार्क से पानी बहकर सड़क पर आता है।

उन्होंने बताया कि सुबह से कई बार अधिकारियों को पाइपलाइन की मरम्मत के लिए कहा गया लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। जलभराव से दिक्कत तो हुई लेकिन उससे बड़ी समस्या घरों में पानी नहीं मिलने की आई। सुबह घरों में पानी के लिए लोग इंतजार करते रहे। शाम को भी इन घरों में आपूर्ति बाधित रही।

महीने में 15 से अधिक दिन समस्या

क्षेत्र में सीवर और पानी की लाइन टूटने की शिकायत महीने में 15 से अधिक दिन रहती है। न तो पीने के लिए पानी मिलता है और न ही सफाई व्यवस्था रह पाती है।
- गुरुप्रीत सिंह, स्थानीय निवासी

बोतलबंद पानी पर निर्भरता

सेक्टर-3 में पानी की समस्या सबसे विकट है। कई बार दो समय पानी की आपूर्ति नहीं होती है। ऐसे में बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है।
- भानु प्रताप सिंह, स्थानीय निवासी

वैशाली की शिकायत संज्ञान में नहीं है। जोन में अवर अभियंताओं को निर्देश दिए हैं। मौके पर लाइन का काम और सर्वे कराया जाएगा।
- केपी आनंद, महाप्रबंधक जलकल, नगर निगम