उड़ान निरस्त होने की नहीं मिली सूचना, एयरपोर्ट पर यात्रियों ने काटा हंगामा
हिडन एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए विमान सेवा (उड़ान) निरस्त होने की सूचना न मिलने का दो यात्रियों ने विरोध किया। एयरपोर्ट पहुंचे दोनों यात्रियों और विमान कंपनी के कर्मचारियों के बीच नोंकझोक हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों यात्रियों को सड़क मार्ग से पिथौरागढ़ के लिए रवाना कराकर मामला शांत किया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : हिडन एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए विमान सेवा (उड़ान) निरस्त होने की सूचना न मिलने का दो यात्रियों ने विरोध किया। एयरपोर्ट पहुंचे दोनों यात्रियों और विमान कंपनी के कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों यात्रियों को सड़क मार्ग से पिथौरागढ़ के लिए रवाना कराकर मामला शांत किया।
पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरने दो यात्री बुधवार सुबह करीब 11 बजे हिडन एयरपोर्ट पहुंचे। उनमें एक पुलिस के अधिकारी भी थे। जांच पटल पर उन्हें बताया गया कि उड़ान निरस्त है। इसकी सूचना यात्रियों को पूर्व में दी जा चुकी है। दोनों यात्रियों ने सूचना नहीं मिलने की बात कर विरोध जताया। विमान कंपनी के कर्मचारियों से उनकी नोकझोंक हो गई। पुलिस अधिकारी (यात्री) ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। बताया गया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने विमान कंपनी के दो कर्मचारियों को गाड़ी में बैठा लिया। इस बीच पुलिस क्षेत्राधिकारी साहिबाबाद डॉ. राकेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति को संभाला। विमान कंपनी की से दोनों यात्रियों का किराया वापस दिलाया और टैक्सी की व्यवस्था करवाकर सड़क मार्ग से पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया। तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस अधिकारी (यात्री) ने पुलिस को दी गई शिकायत वापस ले ली। कल शुरू हो सकती है उड़ान : हिडन एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए नौ सीटर विमान सेवा है। विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण करीब तीन सप्ताह से उड़ान रद है। पता चला है कि विमान सही होकर देहरादून पहुंच गया है। शनिवार से यहां से उड़ान दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। दो यात्रियों को उड़ान रद्द होने की सूचना नहीं मिली थी। वह एयरपोर्ट पर पहुंच गए। विमान कंपनी से उनका किराया दिलाकर सड़क मार्ग से पिथौरागढ़ भेजा गया।
- डॉ. राकेश कुमार मिश्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी, साहिबाबाद।