पाकिस्तान व नेपाल से भेजे जा रहे हैं जाली नोट
खोड़ा पुलिस द्वारा दो दिन पूर्व डेढ़ लाख रुपये से अधिक के जाली नोट बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार करने के बाद सरगना भी पकड़ लिया गया है। उसके पास से भी हजारों रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ में जाली नोटों के तार विदेश से जुड़े है। पूछताछ में पुलिस को एक और व्यक्ति के बारे में पता चला है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस जुट गई है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : खोड़ा पुलिस द्वारा दो दिन पूर्व डेढ़ लाख रुपये से अधिक के जाली नोट बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार करने के बाद सरगना भी पकड़ लिया गया है। उसके पास से भी हजारों रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ में जाली नोटों के तार विदेश से जुड़े है। पूछताछ में पुलिस को एक और व्यक्ति के बारे में पता चला है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस जुट गई है। शनिवार को एएसपी रवि कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान विजय कुमार उर्फ विनोद है, जो हरियाणा के जींद का निवासी है। आरोपित से 13100 रुपये मिले है, जिनमें 500 रुपये के 24 और 100 रुपये के 11 जाली नोट शामिल हैं। रेहड़ी-ठेली वालों के द्वारा खपाते थे नोट
खोड़ा थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि यह गिरोह पूरे दिल्ली-एनसीआर में फैला है। विनोद इसका सरगना है और वह जाली नोट खपाने के लिए 30 फीसद का कमीशन देता था। वहीं उसे 50 फीसद का हिस्सा मिलता था। विनोद इसके लिए रेहड़ी व ठेली लगाने वाले दुकानदारों से संपर्क करता। उन्हें अधिक कमाई का लालच देकर जाली नोट चलवाता था। एसएचओ का कहना है कि आरोपितों से मिले 100 रुपये के नोट हूबहू असली लगते हैं। हालांकि 500 रुपये के नोट को गौर से देखने पर पता चल जाता है। एफएसएल करेगी जांच
एएसपी रवि कुमार के मुताबिक नोट बनाए गए हैं या असली नोटों को स्कैन कर तैयार किए गए हैं, इस बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है। इसके लिए एफएसएल से जांच कराई जाएगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक विनोद ने पूछताछ में बताया है कि नोट नेपाल और पाकिस्तान से आते हैं। पूछताछ में उसने नोट सप्लाई करने वाले व्यक्ति का नाम भी बताया है। एएसपी ने कहा कि दूसरे देशों से जाली नोटों की सप्लाई से इन्कार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस को इस बारे में अभी ठोस सुबूत नहीं मिले हैं। आरोपित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नोटों की सप्लाई करने वाले की तलाश कर रही है।