स्ट्रीट लाइट को लेकर अधिशासी अभियंता पर तानी पिस्टल, कांग्रेस पार्षद पर आरोप
नगर निगम में स्ट्रीट लाइट को लेकर बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता और कांग्रेस पार्षद के बीच नोकझोंक हो गई। पार्षद पर आरोप है कि उन्होंने अधिशासी अभियंता पर पिस्टल और गनर की राइफल तान दी। इस मामले में पार्षद के खिलाफ थाना सिहानी गेट में तहरीर दे दी गई है। नगर आयुक्त ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि वह इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : नगर निगम में स्ट्रीट लाइट को लेकर बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता और कांग्रेस पार्षद के बीच नोकझोंक हो गई। पार्षद पर आरोप है कि उन्होंने अधिशासी अभियंता पर पिस्टल और गनर की राइफल तान दी। इस मामले में पार्षद के खिलाफ थाना सिहानी गेट में तहरीर दे दी गई है। नगर आयुक्त ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि वह इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।
नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय के चौथे तल पर विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज प्रभात का कार्यालय है। बृहस्पतिवार शाम चार बजे वह अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। तभी वार्ड-69 लोहियानगर से कांग्रेस पार्षद जितेंद्र पाल वहां पहुंचे। उन्होंने अपने क्षेत्र में 50 स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की। अधिशासी अभियंता मनोज प्रभात ने उन्हें बताया कि उनके वार्ड में 190 स्ट्रीट लाइटें पहले लगाई जा चुकी हैं। और लाइटों के लिए नगर आयुक्त से अनुमोदन कराना होगा। अधिशासी अभियंता मनोज प्रभात ने थाना सिहानी गेट में दी तहरीर में आरोप लगाया कि पार्षद तत्काल प्रस्ताव बनाकर लाइट की फाइल पर नगर आयुक्त से अनुमोदन लेने का दबाव बनाने लगे। इस प्रक्रिया के लिए वक्त मांगा गया तो पार्षद ने गाली गलौज शुरू कर दी। जाति सूचक शब्द कहे। इस पर आपत्ति जताने पर पार्षद ने पहले अपनी पिस्टल और फिर गनर की राइफल तान दी। जान से मारने की धमकी देने का आरोप पार्षद पर लगाया। अधिशासी अभियंता ने तहरीर में अपनी जान को खतरा बताया है।
खड़ा हो गया हंगामा
अधिशासी अभियंता और पार्षद के बीच नोकझोंक होते ही हंगामा खड़ा हो गया। निगम मुख्यालय के चौथे तल पर भीड़ लग गई। मामला गर्म होते देख पार्षद गनर को लेकर वहां से निकल गए। इसके बाद निगम में कामकाज ठप हो गया। इस घटना से अधिकारियों में रोष है।
मेरे क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण अंधेरा रहता है। लाइटों की मांग को लेकर मेरी अधिशासी अभियंता मनोज प्रभात से नोकझोंक हुई थी। लेकिन पिस्टल और राइफल तानने का आरोप गलत है। मैंने ऐसा कृत्य नहीं किया है।
- जितेंद्र पाल, पार्षद, वार्ड-69 अधिकारियों पर इस तरह से दबाव बनाना गलत है। जिस पार्षद ने बदसलूकी की है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम में इस तरह से माहौल बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।
- आशा शर्मा, मेयर यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। मेयर से बात करके मामले से शासन को अवगत कराया जाएगा। शासन को ही पार्षद पर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
- दिनेश चंद्र, नगर आयुक्त