विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत कर्मचारी मोर्चा ने दिया धरना
कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत कर्मचारी मोर्चा लखनऊ के केन्द्रीय आह्वान पर मुख्य अभियंता वितरण कार्यालय पर धरना दिया। मांगे पूरी न होने पर उन्होंने चरणबद्ध आंदोलन चलाने की चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत कर्मचारी मोर्चा लखनऊ के केन्द्रीय आह्वान पर मुख्य अभियंता वितरण कार्यालय पर धरना दिया। मांगे पूरी न होने पर उन्होंने चरणबद्ध आंदोलन चलाने की चेतावनी दी।
मंगलवार को एक दिवसीय धरने के दौरान विद्युत कर्मचारी मोर्चा के कार्यवाहक अध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने कहा कि विभागीय कर्मचारियों की विभिन्न मांगे लंबित हैं, जिन्हें गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इनमें तृतीय, द्वितीय व प्रथम श्रेणी कर्मचारियों को समयबद्ध वेतनमान के आदेश किये जाएं। संगठन द्वारा प्रबंधन को भ्रष्टाचार के साक्ष्य देने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की गई। वर्ष 2000 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन एवं अन्य लाभ दिये जाएं। चतुर्थ श्रेणी वर्ग से तृतीय श्रेणी वर्ग में 40 प्रतिशत विभागीय कोटानुसार पदोन्नति दी जाए। संविदा कर्मचारियों का उत्पीड़न रोकते हुए विभाग से सीधा भुगतान कराया जाये। उन्होंने कहा कि अगर विभाग मांगों को नहीं मानता तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा। धरना प्रदर्शन के दौरान गोपाल कृष्ण गौतम, सुरेन्द्र शर्मा, संदीप गुप्ता, अतुल गुप्ता, भारत भूषण ठाकुर, राजकुमार, दीपक नेगी आदि मौजूद रहे।