ईएसआइसी अस्पताल में डॉक्टर से बदसलूकी, हंगामा
राजेंद्र नगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम(इएसआइसी) अस्पताल में बुधवार को युवक ने डॉक्टर के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि युवक जबरन डॉक्टर से चार दिन का बेड रेस्ट लिखवाना चाह रहा था। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। मामले का एक वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद: राजेंद्र नगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम(इएसआइसी) अस्पताल में बुधवार को युवक ने डॉक्टर के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि युवक जबरन डॉक्टर से चार दिन का बेड रेस्ट लिखवाना चाह रहा था। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। मामले का एक वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व युवक के हाथ में चोट लगी थी। उसने मोहननगर स्थित ईएसआइसी डिस्पेंसरी के डॉक्टर से दस दिन का बेड रेस्ट लिखवा लिया था। बुधवार को युवक अपने बेड रेस्ट को चार दिन और बढ़वाने के लिए राजेंद्र नगर स्थित अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर से बात करने लगा। डॉक्टर ने युवक को चिकित्सा अधीक्षक के पास जाने को कहा तो वह भड़क उठा और डॉक्टर से बदसलूकी करने लगा। इस दौरान उसने डॉक्टर से हाथापाई का भी प्रयास किया। डॉक्टर ने विरोध किया तो उन्हें धमकी भी दी। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक सुनील देशपांडे ने बताया कि युवक जबरदस्ती डॉक्टर से चार दिन का बेड रेस्ट लिखवाना चाह रहा था। उन्होंने इन्कार किया तो वह उनसे बदसलूकी करने लगा। युवक चोटिल था इसके चलते उसके खिलाफ शिकायत नहीं दी गई है।
----
वीडियो हुआ वायरल: मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो वायरल कर दिया। इसमें युवक और डॉक्टर के बीच धक्का-मुक्की होती दिख रही है। अभद्र भाषा का प्रयोग भी हो रहा है। हालांकि बाद में अधिकारियों के समझाने पर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।