गलियों में भरा नाले का गंदा पानी, लोगों ने प्रर्दशन कर जताया विरोध
लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी नाले की सफाई नहीं कराई गई है।
संवाद सहयोगी, लोनी : विजय विहार और चमन विहार कॉलोनी के लोगों ने शुक्रवार को गलियों में नाले का पानी भरने पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी नाले की सफाई नहीं कराई गई है। लोगों में अधिकारियों के प्रति रोष है। लोगों ने जल्द ही समस्या का समाधान न होने पर नगर पालिका अधिकारियों का घेराव करने की बात कही है।
नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 45 की विजय विहार और चमन विहार कॉलोनी लोनी खजुरी पुश्ता मार्ग पर स्थित है। लोग नाले के ओवरफ्लो होने और कॉलोनी में गंदा पानी भरने से परेशान हैं। कालोनी निवासी चंद्र शेखर ने बताया कि कालोनी के समीप बहने वाला नाला सफाई न होने से गंदगी से अटा पड़ा है। लोगों और वार्ड सभासद ने नाले की सफाई के लिए अधिकारियों से कई बार शिकायत की। आरोप है कि अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिससे नाले का पानी ओवरफ्लो होकर कॉलोनी की गलियों और खाली प्लाट में भर गया है। घरों की नीव में पानी के भरने से दीवारों के गिरने की भी आशंका है। साथ ही लोगों को बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। दोपहर करीब 12 बजे कॉलोनी के लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने समस्या का समाधान न कराए जाने पर जल्द ही नगर पालिका अधिशासी अधिकारी का घेराव करने की बात कही है। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता का कहना है कि नाले की सफाई का टेंडर छोड़ा जा चुका है। जल्द ही नाले की सफाई कर लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।