दलित युवक हत्याकांड: गाजियाबाद में कांग्रेस नेताओं को किया हाउस अरेस्ट, योगी सरकार पर आवाज दबाने का आरोप
गाजियाबाद में दलित युवक की हत्या के बाद उसके परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रास्ते में रोककर हाउस अरेस्ट कर लिया।

कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया। जागरण
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बदनौली में दलित युवक की हत्या की सूचना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को वेव सिटी पुलिस द्वारा रास्ते में रोके जाने और हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है।
कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदेश की योगी सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सह प्रभारी संजीव आर्य को बुलंदशहर से आकर हापुड़ बाईपास पर गाजियाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने बदनोली जाना था।
आगे जाने की अनुमति नहीं दी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ वहां पहुंचने के लिए रवाना हुए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि वेव सिटी पुलिस ने रास्ते में उन्हें रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी।
रास्ते में रोकना दुर्भाग्यपूर्ण
इसके बाद उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि जिस समय दलित परिवार अपने बेटे की हत्या के बाद न्याय की मांग कर रहा है, उस समय कांग्रेस नेता उसके दुख में शामिल होने और परिवार को न्याय का भरोसा देने जा रहे थे। उन्हें रास्ते में रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने की जरूरत क्यों पड़ी।
कांग्रेस ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, हत्या के आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बदनौली गोलीकांड: दलित युवक की मौत के बाद गांव में उबाल, हापुड़ में 2 घंटे जाम रहा हापुड़-मोदीनगर मार्ग
