कार-आटो में हुई टक्कर, युवक की मौत
जागरण संवाददाता साहिबाबाद मोहननगर मंदिर के पास मंगलवार सुबह कार और आटो में टक्कर
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : मोहननगर मंदिर के पास मंगलवार सुबह कार और आटो में टक्कर हो गई। आटो में सवार दो युवक घायल हो गए। उनमें से एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक आटो तीन सवारी लेकर मोहन नगर से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। मोहन नगर मंदिर के पास एक कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर जोरदार होने के कारण उसका आगे का पहिया निकल गया। उसमें सवार दो युवकों को गंभीर चोटे आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की मौत हो गई। दूसरे का उपचार चल रहा है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय रिंकू निवासी कड़कड़ माडल के रूप में हुई है। उनके भाई राजकुमार ने बताया है कि रिकू प्लंबर का काम करते थे। वह मेरठ तिराहा के पास काम करने जा रहे थे। उन्होंने इसकी साहिबाबाद थाना में शिकायत दी है। हिरासत में महिला कार चालक: पुलिस की जांच में आया है कि कार महिला चला रही थी। उसने पीछे से आटो में टक्कर मारी है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। महिला चालक भी पुलिस के हिरासत में है। कार पर एल( लर्निग) यानी सीखने का निशान बना है, मगर पुलिस का कहना है कि महिला चालक के पास लाइसेंस है। बच्चों को सीखने के लिए एल का निशान बनवाया था। महिला सरकारी बैंक की कर्मचारी बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु कौशिक ने बताया है कि कार सहित महिला चालक को हिरासत में ले लिया गया है। महिला बैंक में नौकरी करती है या नहीं इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।