Move to Jagran APP

नहाय खाय के साथ शुरू हुआ छठ का महापर्व

नहाय खाय के साथ आस्था व उपासना का लोकपर्व छठ रविवार से शुरु हो गया है। रविवार को घरों में विशेष तौर पर साफ-सफाई कर व्रत शुरू हुआ। वहीं सोमवार को खरना होगा। जिसमें प्रसाद बांटा जाएगा। दूसरी ओर घाटों पर साफ-सफाई का काम अंतिम चरण में है। वहीं शहर में कई स्थानों पर घाट बनाए गए हैं।

By JagranEdited By: Published: Sun, 11 Nov 2018 08:35 PM (IST)Updated: Sun, 11 Nov 2018 08:35 PM (IST)
नहाय खाय के साथ शुरू हुआ छठ का महापर्व
नहाय खाय के साथ शुरू हुआ छठ का महापर्व

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : नहाय खाय के साथ आस्था व उपासना का लोकपर्व छठ रविवार से शुरू हो गया है। रविवार को घरों में विशेष तौर पर साफ-सफाई कर व्रत शुरू हुआ। सोमवार को खरना होगा, जिसमें प्रसाद बांटा जाएगा। दूसरी ओर घाटों पर साफ-सफाई का काम अंतिम चरण में है। वहीं, शहर में कई स्थानों पर घाट बनाए गए हैं।

loksabha election banner

चार दिवसीय छठ पर्व के पहले दिन रविवार को नहाय-खाय पर व्रतधारियों ने सूरज देवता की पूजा की। दोपहर में अरवा चावल, घीये की सब्जी का प्रसाद लिया। पूजा में चढ़ावे के लिए सामान भी तैयार किया गया। कइयों ने छठ का प्रसाद पकवान आदि तैयार करने के लिए मिट्टी के चूल्हे भी बनाए। आज खरना पर्व पर घरों में पूजन के बाद खीर-रोटी का प्रसाद बनेगा। इसके बाद से लगातार 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। खरना के अगले दो दिन घाटों पर पूजा होगी और सूर्य भगवान को अ‌र्घ्य देने व मन्नतें मांगने का विधान है। औषधि और देवी कृपा के रूप में ग्रहण करते हैं प्रसाद

छठ पूजा के प्रसाद में प्राकृतिक चीजों को महत्ता दी जाती है। पर्व पर दिए जाने वाले प्रसाद की वैज्ञानिक महत्ता के साथ-साथ जीवनोपयोगी भी है, क्योंकि यह आयुर्वेदिक औषधि के रूप में भी काम करते हैं। प्रसाद में गन्ना, अदरक, हल्दी, मूली पत्ती समेत सूप पर चढ़ाया जाता है। इसके अलावा गुड़ से बना पकवान (ठेकुआ) बदलते मौसम में स्वास्थ्य के लिए उपयोगी माना गया है। बाजार में खरीदारों की बढ़ी भीड़

रविवार को बाजारों में खरीदारों की काफी भीड़ रही। बस अड्डा, घंटाघर, विजय नगर और संजयनगर, पुराना बस अड्डा स्थित सब्जी मंडी में फल, प्रसाद व पूजन की अन्य सामग्री खरीदने वालों की भीड़ रही, वहीं कपड़ों व साज-सज्जा की दुकानों में भी खरीदार डटे रहे। घंटाघर के आसपास के बाजारों में भी छठ पर्व के खरीदारों की भीड़ रही। इससे सिहानीगेट, डासना गेट, चौपला के बाजारों में शाम तक भीड़ रही। मुख्य बाजारों में व्यवस्था बनाने में पुलिस के भी पसीने छूटते रहे। कई क्षेत्रों में सिविल डिफेंस के लोग भी मदद करने में जुटे रहे।

-------

इन क्षेत्रों में रहेगा मेले जैसा माहौल

प्रताप विहार, विजय नगर, राहुल विहार, अकबरपुर बहरामपुर, नंदग्राम, सिहानी, घूकना, सेवा नगर, राजनगर एक्सटेंशन, संजय नगर, शास्त्रीनगर, बम्हैटा क्षेत्र में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासियों की संख्या अधिक होने से तीन दिन इन क्षेत्रों में मेले जैसा माहौल बना रहेगा। कॉलोनियों में भी बनाए गए घाट

महापर्व छठ के लिए हरनंदी नदी और ¨हडन कैनाल पर कई पक्के घाट बने हैं। इस बार कई स्थानों पर नए घाट भी बनाए गए हैं। शहर में करीब 65 अन्य स्थानों कॉलोनियों के पार्कों, मंदिर परिसर, हरित पट्टी, पानी की टंकी परिसरों में अस्थायी घाट बनाए गए हैं। इन घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और बैठने की व्यवस्था की जा रही है। जिले में विभिन्न स्थानों के घाटों पर 3.50 लाख से ज्यादा लोग इस पर्व को मनाते हैं। सिर्फ हरनंदी के घाटों पर ही डेढ़ लाख के करीब भीड़ जुटती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.