शिक्षिका से चेन लूटी, पीछा करने पर फायरिग की
बेखौफ बदमाशों ने घर के बाहर शिक्षिका से चेन लूट ली। पीछा करने पर आरोपित दो फायर कर फरार हो गए। घटना कविनगर थानाक्षेत्र में 26 मई को देर रात की है। परिजनों ने तहरीर के साथ पिस्टल से चली गोली का खोखा भी पुलिस को दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : बेखौफ बदमाशों ने घर के बाहर शिक्षिका से चेन लूट ली। पीछा करने पर आरोपित दो फायर कर फरार हो गए। घटना कविनगर थानाक्षेत्र में 26 मई को देर रात की है। परिजनों ने तहरीर के साथ पिस्टल से चली गोली का खोखा भी पुलिस को दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लालकुआं की मानसरोवर कालोनी में रहने वाले भानु प्रकाश शर्मा निजी कंपनी में जॉब करते हैं, जबकि पत्नी सलोनी शर्मा खुर्जा ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल में पढ़ाती हैं। परिवार में दो बच्चे हैं। रविवार की शाम को वह इंदिरापुरम में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर पति के साथ गई थीं। देर रात करीब दस बजे दोनों घर लौटे। घर से कुछ दूरी पर अचानक कुत्ता आने के कारण भानु प्रकाश ने बाइक धीमी की। इसी दौरान एक बाइक उन्हें ओवरटेक करती हुई घर के पास रुक गई। पीछे बैठा युवक उतरा और इधर-उधर देखने लगा। भानु प्रकाश ने अपने घर के गेट के सामने बाइक रोकी और सलोनी उतरकर गेट की ओर बढ़ीं तभी बाइक से उतरे बदमाश ने उनकी चेन पीछे से झपट ली। सलोनी ने पीछे मुड़कर उसका पीछा करने की कोशिश की तो उसने फायर कर दिया। दोनों बाइक पर बैठकर भागने लगे तो भानु प्रकाश ने भी बाइक दौड़ा दी। उन्हें पीछे आता देख आरोपितों ने एक और फायर कर दिया, जिस कारण वह रुक गए।
लालकुआं से लगे थे पीछे
सलोनी ने बताया कि वह बच्चों को घर ही छोड़ गई थीं। इसीलिए लौटते समय लालकुआं पर रुककर उन्होंने आइसक्रीम खरीदी। लूट के बाद आए पड़ोसियों ने बताया कि बदमाश मेन रोड से ही उनके पीछे लगे थे। वहीं गोली चलने की आवाज पर घर से उनके बच्चे भी बाहर आ गए। भानु के मुताबिक बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी और आगे-पीछे से डैमेज भी थी। कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे तलाश किए जा रहे हैं। फुटेज से पहचान कर आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप