यूनेस्को से जुड़कर अब विश्व के लिए प्लान बनाएंगी इंदिरापुरम की समृद्धि
यूनेस्को के आइफेप ब्यूरो के लिए चयनित किए गए विश्व के 1
जासं, साहिबाबाद : यूनेस्को के आइफेप ब्यूरो के लिए चयनित किए गए विश्व के 18 लोगों में इंदिरापुरम के नीति खंड-2 की समृद्धि अरोड़ा का चयन हुआ है। वह वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं। अब यूनेस्को से जुड़कर विश्व के लिए शिक्षा, सूचना सहित अन्य विषयों के लिए प्लान तैयार करेंगी। समृद्धि की इस कामयाबी ने न केवल गाजियाबाद, बल्कि देश का नाम भी रोशन किया है। समृद्धि के स्वजन बिटिया की कामयाबी पर गर्व कर रहे हैं।
समृद्धि अरोड़ा ने बीकॉम-एलएलबी में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके बाद यूनाइटेड किगडम में स्थित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से उन्होंने बीसीएल की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूएसए के हावर्ड केनेडी स्कूल से एक्जीक्यूटिव एजुकेशन की पढ़ाई की। वहां से यूके पहुंचकर उन्होंने कॉर्पोरेट लॉ एंड गवर्नेंस की शिक्षा ली। यूनेस्को यानि की संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन का कार्य शिक्षा, प्रकृति, समाज विज्ञान, संस्कृति तथा संचार के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शांति को बढ़ावा देना है। आइफेप कार्यक्रम के लिए सूचना की स्थापना 2001 में की गई थी। आइफेप का लक्ष्य यूनेस्को के सदस्य राज्यों में सूचना और संसार प्रौद्योगिकी का उपयोग करके दुनिया में राष्ट्रीय सूचना नीतियों और ज्ञान रणनीतियों को विकसित करने और कार्यान्वित करने में मदद करना है। मुख्य तौर पर विकास, सूचना साक्षरता, सूचना संरक्षण, सूचना नैतिकता, सूचना की पहुंच, बहुभाषावाद आइफेप के प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं। समृद्धि ने बताया कि विश्व से सिर्फ 18 लोगों को आइफेप के लिए चुना गया है, जिसमें उनका भी चयन होने से वह बहुत खुश हैं।