बीटेक के छात्रों ने की थी सवा लाख की लूट
जासं गाजियाबाद सिहानी गेट थाना क्षेत्र के नंदग्राम में शुक्रवार रात को साइबर कैफे में हुइ
जासं, गाजियाबाद : सिहानी गेट थाना क्षेत्र के नंदग्राम में शुक्रवार रात को साइबर कैफे में हुई सवा लाख रुपये की लूट को बीटेक के छात्रों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा छात्र फरार है। पुलिस ने आरोपितों के पास से सवा लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे एक युवक अपने साइबर कैफे को बंद कर रहा था। तभी दो युवकों ने तमंचे के बल पर कैफे संचालक से सवा लाख रुपये लूट लिए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। आरोपित कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान सचिन निवासी गांव घाटमपुर थाना गंगोह जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। फरार आरोपित संजीव है। दोनों दोस्त हैं और दिल्ली मेरठ रोड स्थित एक निजी कॉलेज में बीटेक कर रहे है। पूछताछ करने पर आरोपित ने बताया कि फेल होने के कारण उसने कॉलेज जाना बंद दिया था। इससे पहले वह होस्टल में रहते थे। तीन दिन पहले ही उन्होंने नंदग्राम में कमरा लिया था। वह साइबर कैफे गए थे, तभी उन्होंने लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने महंगे शौक पूरे करने के लिए पहली बार ही लूट की घटना को अंजाम दिया है।