मंडोला गांव में किसानों ने विधायक को दिखाए काले झंडे
मंडोला गांव में आयोजित पंचायत में शिरकत करने जा रहे लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर को रविवार सुबह किसानों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। किसानों ने लोनी विधायक और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पंचायत के दौरान विधायक ने जल्द किसानों की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
संवाद सहयोगी, लोनी : मंडोला गांव में आयोजित पंचायत में शिरकत करने जा रहे लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर का रविवार सुबह किसानों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। किसानों ने लोनी विधायक और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पंचायत के दौरान विधायक ने जल्द किसानों की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
आवास विकास परिषद की मंडोला विहार योजना से प्रभावित किसानों की मुआवजे की समस्या को लेकर क्षेत्रीय किसान संघर्ष समिति द्वारा मंडोला गांव में रविवार सुबह महापंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में विधायक नंदकिशोर गुर्जर को शामिल होने जाना था। जानकारी मिलने पर मंडोला किसान आंदोलन के किसान दिल्ली सहारनपुर रोड पर एकत्र हो गए। किसान विधायक का विरोध प्रकट करने के लिए हाथों में काले झंडे लिए हुए थे। जब करीब साढे़ बारह बजे लोनी विधायक का काफिला मंडोला गांव में घुसा, तो किसानों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। काफिला आगे पहुंचने पर किसान और महिलाएं उनकी गाड़ी के आगे आ गईं। किसानों और महिलाओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उन्हें वापस जाने को कहा। काफी देर चली जद्दोजहद के बाद पुलिस लोनी विधायक के काफिले को आगे निकलवा सकी। उसके बाद महापंचायत में पहुंचे विधायक ने कहा कि कुछ लोग गांव के भोले भाले किसानों को बहलाना चाहते हैं। गांव के सभी किसान उनके अपने हैं। उन्होंने क्षेत्रीय किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से कहा कि जल्द ग्यारह सदस्यों की एक समिति बनाए। वह किसानों की समस्याओं को लेकर पहले जिलाधिकारी और उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जल्द समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। महापंचायत में रामा त्यागी, लवी त्यागी, राजीव त्यागी, प्रवीण त्यागी, नीटू त्यागी, अनुराग शर्मा, रामकुमार त्यागी, डॉ तुहिराम त्यागी, योगेश त्यागी, बेलीराम त्यागी आदि मौजद रहे।
------
भारी पुलिस बल रहा मौजूद : किसानों द्वारा लोनी विधायक का विरोध करने की भनक लगने पर उपजिलाधिकारी सतेंद्र कुमार ¨संह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विधायक के काफिले के निकलने से पूर्व दिल्ली सहारनपुर रोड पर रस्सी लगाकर किसानों को आगे न आने देने की हिदायत दी लेकिन किसानों के विरोध के आगे पुलिस की एक न चली। किसान रस्सी फांद कर रोड पर उतर आए और जमकर विरोध प्रकट किया।