महामारी को साधारण बीमारी मान अशोक बने कोरोना विजेता
अभिषेक सिंह साहिबाबाद कोरोना एक महामारी है जो कि विश्व में तबाही मचा रही है। दूसरी त
अभिषेक सिंह, साहिबाबाद: कोरोना एक महामारी है, जो कि विश्व में तबाही मचा रही है। दूसरी तरफ डॉक्टर की सलाह पर इसे साधारण बीमारी मानकर जवाहर पार्क में रहने वाले अशोक चौहान ने इसे हरा दिया है। शनिवार को कोरेाना विजेता बनकर घर लौटने पर सोसायटी के लोगों ने ताली, थाली बजाकर और फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। अशोक अब दूसरे संक्रमित को भी कोरोना से लड़ने का हौसला दे रहे हैं।
जवाहर पार्क सोसायटी में रहने वाले अशोक चौहान इलेक्ट्रीशियन हैं। संक्रमण के लक्षण महसूस होने पर 17 जून को उन्होंने एक परिचित की मदद से दिल्ली में रैपिड कोरोना टेस्ट करवाया। उसी दिन उनको कोरोना से संक्रमित होने का पता चला। इसके बाद वह घर पर ही क्वारंटाइन हो गए। डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं का सेवन करने लगे। पांच दिन बाद उनको उपचार के लिए राजेंद्र नगर स्थित ईएसआइ अस्पताल ले जाया गया, जहां दस दिन तक उनका उपचार चला, स्वस्थ होने पर शनिवार को उनको अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। चिकित्सकों की सलाह पर अशोक अब सात दिन के लिए घर पर ही क्वारंटाइन हैं, उनके स्वस्थ होने पर परिवार और सोसायटी के लोगों ने राहत की सांस ली है।
चिकित्सक की सलाह ने बढ़ाया हौसला: अशोक ने बताया कि कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी मिलने पर वह डर गए। इस दौरान ही उनकी परिचित एक डॉक्टर ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, संक्रमित मरीज जल्द ही स्वस्थ हो रहे हैं। डॉक्टर ने अशोक से कहा कि कोरोना वायरस का हौव्वा दिमाग से निकालकर इसे एक आम वायरल मानो और दवाओं का सेवन करो। दूसरों से दूरी बनाकर रखो, जल्द ही स्वस्थ हो जाओगे। अशोक ने बताया कि डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने वायरस को वायरल माना तो डर खत्म हो गया, कोरोना से लड़ने का हौसला मिला, जिस वजह से जल्द ही कोरोना को हराकर स्वस्थ होकर वापस घर लौट आए हैं। अशोक ने दूसरों से अपील की है कि वे हिम्मत बनाकर रखें, वायरस को सामान्य वायरल की तरह मानकर इलाज कराएं तो कोरोना से लड़ाई में जीत जाएंगे।