अब तक 563 अराजकतत्व किसान आंदोलन से पकड़े
अवनीश मिश्र साहिबाबाद कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में बड़
अवनीश मिश्र, साहिबाबाद: कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में बड़ी संख्या में अराजकतत्वों की घुसपैठ हो गई है। पुलिस ने अब तक कुल 563 संदिग्धों को दबोचा है। उनमें से 30 संदिग्धों का शांतिभंग में चालान किया गया है। शेष का नाम-पता नोट कर स्वजन को सौंप दिया गया है। संदिग्धों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर आतंकवाद निरोधक दस्ता भी यहां की स्थिति का जायजा ले चुका है।
खुफिया विभाग के सूत्रों की मानें तो यूपी गेट पर चल रहे आंदोलन में सप्ताहभर से नौ से 10 हजार के बीच किसान शामिल हो रहे हैं। इनमें से करीब चार हजार किसान ऐसे हैं, जो 30 दिनों से ज्यादा समय से यहां डटे हैं। शेष आते-जाते रहते हैं। उनमें महिलाएं भी शामिल हैं। किसानों की संख्या के साथ ही अराजकतत्वों की तादाद भी बढ़ी है। किसान नेताओं को इसकी पूरी तरह से जानकारी है। वह मंच से किसानों को अराजकतत्वों के बहकावे में नहीं आने की अपील कर रहे हैं। जागरूकता भरे पोस्टर लगाए हैं, लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि अराजकतत्व आंदोलन में घुसपैठ बना चुके हैं। किसान नेताओं की अपील बौनी साबित हो रही है।
जिला प्रशासन ने कसी कमर: जिला प्रशासन अराजकतत्वों की कुंडली तैयार कर रही है। क्षेत्र को सात जोन व 13 सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की राउंड द क्लाक ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी लगातार सक्रिय रहकर हर छोटी सी छोटी सूचनाओं व गतिविधियों को संज्ञान में लेकर उचित कार्रवाई कर रहे हैं। संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाकर उनसे संबंधित जिलों की पुलिस से साझा कर रही है। बदायूं में दुष्कर्म के आरोपित किसान नेता रूम सिंह के यहां अनशन पर बैठने की सूचना भी पुलिस ने साझा की है।
खोड़ा से पहुंच रहे लोग: खोड़ा व आसपास की झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले तमाम लोग खाना व अन्य सामान लेने के लालच में आंदोलन में घुस रहे हैं। उन्हें रोकने के लिए पुलिस तैनात है। वह आंदोलन स्थल पर आने वाले ऐसे लोगों को वापस कर रही है। फिर भी तमाम लोग आंदोलन में घुस रहे हैं।
लगातार हो रही कार्रवाई: यहां 28 नवंबर से आंदोलन चल रहा है। तब से लेकर शुक्रवार तक यहां कुल 563 संदिग्धों को पुलिस ने दबोचा है। उनसे पूछताछ की है। उनका पूरा विवरण एकत्र किया है। इनमें से 30 का शांतिभंग में चालान हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी का कहना है कि आंदोलन स्थल पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था है।