बहन से एकतरफा प्रेम का विरोध करने पर भाई की हत्या
जागरण संवाददाता गाजियाबाद तीन दोस्तों ने बादलपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी। इन
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : तीन दोस्तों ने बादलपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी। इनमें से एक आरोपित मृतक की बहन से एकतरफा प्रेम करता था। इसका युवक ने विरोध किया था। विजय नगर थाना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र ने बताया कि 19 वर्षीय विपिन पाल विजय नगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा में रहता था। विपिन के पड़ोस में रहने वाला उसका दोस्त दीपक नोएडा की टेलीकॉम कंपनी में नौकरी करता है। विपिन की बहन से दीपक एकतरफा प्रेम करता था। आते-जाते उस पर नजर रखता था। इसका विपिन ने विरोध किया था। इस पर दीपक ने विपिन को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची। दीपक शुक्रवार सुबह नौ बजे विपिन को नौकरी लगवाने का झांसा देकर अपने साथ ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला गांव में निर्माणाधीन इमारत में ले गया। दीपक ने पहले ही छपरौला निवासी अपने दोस्त आशु और उसके भाई रोहित को इमारत में पहुंचने के लिए कह दिया था। तीनों ने मिलकर विपिन के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। दीपक ने हत्या के बाद विपिन की नानी को फोन कर उसका अपहरण होने की जानकारी दी। नानी को कम सुनाई देता और वह दीपक की आवाज भी नहीं पहचान सकीं। इसके बाद दीपक फरार हो गया। स्वजनों ने दीपक पर शक जताते हुए अपहरण का विजय नगर थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आशु और रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित दीपक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।