50 परिवार ने किया धर्म परिवर्तन, हरकत में आया प्रशासन
जागरण संवाददाता साहिबाबाद करहैड़ा में 50 परिवार के 236 लोगों ने बौद्ध धर्म अपना लिया। इसक
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :
करहैड़ा में 50 परिवार के 236 लोगों ने बौद्ध धर्म अपना लिया। इसकी जानकारी होने पर बुधवार सुबह प्रशासनिक अमला करहैड़ा पहुंचा। डीएम, एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों से बातचीत की। लोगों ने हाथरस कांड की पीड़िता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वाल्मीकि समाज का लगातार शोषण हो रहा है। लोगों का कहना था कि उनकी समस्याओं पर सुनवाई नहीं होती है। इससे तंग आकर उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया। अधिकारियों ने एक सप्ताह में लोगों की सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने दोबारा हिदू धर्म अपनाने की बात कही।
साहिबाबाद थानाक्षेत्र के करहैड़ा में 70 से अधिक वाल्मीकि परिवार रहते हैं। इनमें से 50 परिवार के करीब 236 लोगों ने पिछले सप्ताह बौद्ध धर्म अपना लिया। स्थानीय निवासी पवन वाल्मीकि का कहना है कि उनके समाज के लोगों के साथ लगातार भेदभाव हो रहा है। हाथरस कांड में पीड़िता को न्याय न मिलने की बात कहते हुए कहा कि लगातार उनके समाज के लोगों का शोषण हो रहा है। उनके समाज के लोगों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। शिक्षा, चिकित्सा और न्याय न मिलने से लोग परेशान हैं। माता-पिता ने मेहनत कर बच्चों को पढ़ाया तो नौकरी नहीं मिल रही है। लाकडाउन में ज्यादातर लोगों की नौकरी चली गई। बिजली के बिल इतने आ रहे हैं कि लोग बच्चों का पेट भरें या बिजली का बिल जमा करें। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किसी को मकान नहीं मिला। गैस कनेक्शन भी नहीं मिला है। वाल्मीकि समाज के लोग परेशान हैं।
-----
14 अक्टूबर को किया धर्म परिवर्तन :
14 अक्टूबर को बाबा साहब भीम राव आंबेडकर के प्रपौत्र राज रतन आंबेडकर करहैड़ा आए थे। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राज रतन के कहने पर 50 परिवार ने बौद्ध धर्म अपनाया था। लोगों का कहना था कि उम्मीद है कि धर्म बदलने के बाद उन्हें समाज में बराबर का स्थान मिल सकेगा।
------
एक सप्ताह में समस्याओं का होगा समाधान :
लोगों के धर्म परिवर्तन करने की जानकारी अधिकारियों को हुई तो हड़कंप मच गया। आनन फानन में अधिकारियों का अमला करहैड़ा पहुंचा और लोगों से बात की। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य अधिकारियों ने लोगों को जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। डीएम अजयशंकर पांडेय ने बताया कि लोगों की सभी समस्याओं की सूची तैयार कर ली गई है। उनकी सभी समस्याओं ेका समाधान एक सप्ताह में कर दिया जाएगा। लोगों ने समस्या समाधान के बाद दोबारा हिदू धर्म अपनाने की बात कही है।