8,614 स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के लिए 40 दिन का समय
दीपावली तक शहर में सभी स्ट्रीट लाइट ठीक करानी होगी इसके लिए प्रकाश विभाग के अधिकारियों ने जरूरी संसाधन भी जुटाने शुरू कर दिए हैं।
जासं, गाजियाबाद : शहर में खराब स्ट्रीट लाइट का सर्वे नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने प्रकाश विभाग से अलग 12 कर्मचारियों की टीम से कराया। टीम की रिपोर्ट है कि शहर में 8,614 स्ट्रीट लाइट खराब हैं, इनको ठीक कराने के लिए नगर आयुक्त ने 40 दिन का समय दिया है। दीपावली तक शहर में सभी स्ट्रीट लाइट ठीक करानी होगी, इसके लिए प्रकाश विभाग के अधिकारियों ने जरूरी संसाधन भी जुटाने शुरू कर दिए हैं। नगर आयुक्त ने जरूरी सामान खरीदने के लिए सहमति दे दी है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट ठीक करने का कार्य करने वाले सभी इलेक्ट्रीशियन से ओवरटाइम करने के लिए कहा गया है, इसकी एवज में उनको भुगतान किया जाएगा।
एक माह में चार हजार स्ट्रीट लाइट ठीक करवाई: नगर आयुक्त ने कार्यभार संभालने के बाद शहर में स्ट्रीट लाइट खराब होने पर नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइट की जानकारी मांगी तो पता चला कि 12 हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइट खराब हैं। उनको सही करवाने का निर्देश दिया गया तो एक माह में प्रकाश विभाग की टीम चार हजार स्ट्रीट लाइट ही ठीक करवा चुकी है। अब देखना यह है कि 40 दिन के समय में सभी स्ट्रीट लाइट ठीक हो पाती हैं या नहीं। दीपावली तक सभी स्ट्रीट लाइट ठीक करवाई जाएंगी। वर्तमान में आठ हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट खराब हैं, इनको ठीक करवाने के लिए जरूरी संसाधन भी खरीदे जाएंगे।
- महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त।