शहर में हरियाली बढ़ाएंगे 200 पार्क, प्रदूषण का स्तर होगा कम
जासं गाजियाबाद नगर निगम ने अप्रैल तक 200 पार्को को विकसित करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए कार्य भी शुरू है। पार्कों में पौधारोपण होगा ताकि आने वाले समय में प्रदूषण की समस्या भी कम हो सके और शहर में हरियाली को बढ़ावा मिले।
जासं, गाजियाबाद: नगर निगम ने अप्रैल तक 200 पार्को को विकसित करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए कार्य भी शुरू है। पार्कों में पौधारोपण होगा, ताकि आने वाले समय में प्रदूषण की समस्या भी कम हो सके और शहर में हरियाली को बढ़ावा मिले।
शहर में पार्कों की कमी की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों के पास लंबे समय से आ रही थी। बोर्ड बैठक में पार्षदों ने भी पार्को को विकसित करने की मांग की थी। इसी क्रम में पहले चरण में 200 ऐसे पार्को को विकसित करने के लिए नगर निगम ने प्रयास शुरू किया है, जो अभिलेखों में तो पार्क हैं, लेकिन देखने में जंगल या कूड़ाघर की तरह नजर आते हैं। इनमें विजयनगर, मोहन नगर, कविनगर और सिटी जोन के ज्यादातर पार्क शामिल हैं। पार्को में हरियाली से सुधरेगा प्रदूषण स्तर:
नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे प्रत्येक पार्क में बेंच, झूले और वाकिग ट्रैक बनाने के साथ ही पौधारोपण भी किया जाएगा। हजारों की संख्या में पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की देखरेख के लिए मालियों के साथ ही स्थानीय निवासियों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि पौधे बढ़ें और शहर में प्रदूषण के स्तर को कम करने में योगदान दे सकें। बड़े पार्को में अलग से बनेंगे खेल मैदान:
200 पार्को को विकसित करने के साथ ही नगर निगम ने बड़े पार्को में एक हिस्सा खेल मैदान के रूप में भी विकसित करने की तैयारी की है, ताकि पार्को में बच्चों को खेलने से कोई न रोके और पौधों को भी नुकसान न हो। वर्जन..
कई पार्क ऐसे हैं, जिनकी स्थिति बदहाल है। इनमें से 200 पार्को को विकसित करने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
- महेंद्र सिंह तवंर, नगर आयुक्त