लॉकडाउन में पशुओं के टीकाकरण पर लगा लॉक
- पशुओं में फैल रहा खुरपका मुंहपका रोग - 15 मार्च से कोल्डस्टोर में रखी है वैक्सीन
- पशुओं में फैल रहा खुरपका, मुंहपका रोग
- 15 मार्च से कोल्डस्टोर में रखी है वैक्सीन
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: लॉक डाउन में पशुओं के टीकाकरण पर भी लॉक लगा है। टीका नहीं लगने के कारण गाय और भैंसों में मुंहपका और खुरपका रोग बढ़ता जा रहा है। जिससे पशुपालकों की चिता बढ़ गई है। मजबूरी में पशु पालक निजी चिकित्सकों से इलाज कराने को विवश हैं।
गर्मी के मौसम में पशुओं में मुंहपका एवं खुरपका रोग फैलने लगता है। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा रोग की रोकथाम के लिए तहत 15 मार्च से टीकाकरण अभियान चलाया जाता है। इस बार समय से 8.20 लाख वैक्सीन भी आ गई, लेकिन इस बार लॉक डाउन के कारण अभियान की शुरूआत नहीं हो सकी। अधिकारियों ने वैक्सीन को कोल्डस्टोर में रखवा दिया है। टीका नहीं लगने के कारण पशुओं में ये रोग फैलने लगा है। लुहारी निवासी निवासी पशुपालक गिर्राज सिंह ने बताया कि निजी चिकित्सक से इलाज और परामर्श ले रहे हैं। जिसके कारण अधिक पैसा खर्च हो रहा है। फतेहपुर निवासी शेरसिंह का कहना है कि रोग बढ़ने से पशुओं की जान भी जा सकती है। जिसके कारण पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसलिए जिन गांवों में यह रोग फैल रहा है, वहां के लिए टीम गठित कर टीकाकरण कराया जाए। ------
लॉक डाउन के कारण अभी तक अभियान नहीं चल सका है। टीकाकरण के दौरान शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पाता। इसलिए अभी तक अभियान नहीं चलाया गया है। अब शासन ने एक जुलाई से अभियान को प्रस्तावित किया है।
डॉ. प्रभंजन शुक्ला, जिला पशु चिकित्साधिकारी