टोल प्लाजा पर नहीं सुधरे हालात, रात तक लगा जाम
वाहनों पर फास्टैग न होने से उठानी पड़ रही परेशानी कुछ दिन के लिए अनिवार्यता खत्म करने की मांग
फीरोजाबाद, जेएनएन, टोल प्लाजा पर फास्टैग की अनिवार्यता से बिगड़े हालात अब तक सुधरे नहीं हैं। टूंडला टोल पर लगातार तीसरे दिन भी सुबह से रात तक यहां जाम लगा रहा। मंगलवार को टैग का कैंप न लगने से वाहन स्वामियों की मुश्किल और बढ़ गई।
15 दिसंबर से सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य हो गया है। टूंडला टोल प्लाजा की कुल 14 लाइनों में से 10 से केवल फास्टैग लगे वाहन ही गुजारे जा रहे हैं। कैश में टैक्स लेने के लिए दोनों तरफ दो दो लाइनें ही छोड़ी गई हैं। इन पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण जाम लगा रहता है। वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए टोल प्लाजा पर फास्टैग कार्ड बनवाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन गति इतनी धीमी है कि दिन भर में 50 से 60 कार्ड ही बन पाते हैं। कार्ड बनवाने के लिए दिन भर भीड़ जुटी रहती है।
मंगलवार को भी यहां कार्ड बनवाने के लिए काफी लोग पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों के न आने से एक भी कार्ड नहीं बन सका। आगरा से आए विवेक शर्मा दो घंटे इंतजार करने के बाद लौट गए। वहीं सिरसागंज के कठफोरी स्थित टोल पर भी वाहनों की कतार चल रही है।
एक घंटे से लाइन में लगे हैं। पहले फास्टैग बनवाने को लाइन में लगे थे, लेकिन नहीं बना। अब टोल से गुजरने को लाइन में लगे हैं। लगता है सरकार ने जनता को लाइन में लगाने की ठान ली है।
शिवेन्द्र सिंह, मथुरा सरकार बिना तैयारी के ही आदेश जारी कर देती है। जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। टोल बूथ पर भी फास्टैग बनाने की कोई व्यवस्था नहीं है। सरकार को और समय देना चाहिए।
कामरान सिंह, जसराना जगह- जगह कैंप लगाकर फास्टैग बनवाने चाहिए थे। उसके बाद इसे अनिवार्य किया जाता, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। एक घंटे से ज्यादा समय हो गया लाइन में लगे हुए। कोई सुनने वाला नहीं है।
राकेश गुप्ता, फीरोजाबाद फास्टैग बनवाने को कई दिन प्रयास किए लेकिन बन नहीं पाया। टोल पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रहती है। आधा आधा घंटे इंजन चालू रखकर वाहन खड़ा रखना पड़ता है। जाम से निपटने को कोई व्यवस्था नहीं है।
बलजीत सिंह, दिल्ली
फास्टैग हम सब के लिए मुसीबत बन गया है। पूरे टोल पर 12 लाइनें है जिनमें से सिर्फ दो से ही टैक्स के कैश पेमेट की व्यवस्था है। टैग लगवाने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई है।
डॉ. गुरुदत्त सिंह, सिरसागंज 'फास्टैग की पांच लाइनें चल रही हैं। हमने तो टैम्परेरी दो लाइन बिना फास्टैग के लिए खोल रखी हैं। इन्हें कभी भी बंद किया जा सकता है। वाहन स्वामी कहीं से भी कार्ड बनवा सकता है। बैंकों के साथ ही पेटीएम भी फास्टैग की सुविधा दे रहा है। परेशानी के बचने के लिए फास्टैग जल्दी बनवा लें। एम्बुलेंस को निकालने की सुविधा दी जा रही है।'
जयवंत देसले, मैनेजर टोल प्लाजा