झूठी निकली बदायूं से अपहृत छात्र के अपहरण की कहानी
दो दिन पूर्व बदायूं से अपहृत छात्र के अपहरण की कहानी झूठी निकली। छात्र की दादी शनिवार को फीरोजाबाद पहुंची और पुलिस को हकीकत से अवगत कराया। बताया घर से पैसे चोरी करने पर डांटने पर वह भाग आया था।
संवाद सहयोगी, टूंडला: दो दिन पूर्व बदायूं से अपहृत छात्र के अपहरण की कहानी झूठी निकली। कार सवारों द्वारा अगवा कर लाने की खबर से महकमे में खलबली मच गई थी। रुपये चोरी करने पर मां के डांटने से नाराज होकर वह घर से भाग आया था। उसकी दादी ने यहां पहुंचकर पुलिस को यह जानकारी दी है।
गुरुवार रात करीब आठ बजे 12 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र स्व. रमाशंकर यादव निवासी हजरतगंज थाना उझानी जिला बदायूं यहां टूंडला थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे राजा का ताल के समीप लावारिस हाल में मिला था। पुलिस को उसने कार सवारों द्वारा अगवा करने की जानकारी दी थी। पुलिस ने बताए गए पते पर सूचना दी। शनिवार सुबह उसकी दादी सुशीला देवी पत्नी स्व. गणपत राजा का ताल पुलिस चौकी पहुंची। दादी ने बताया कि उनके पुत्र की एक साल पहले मौत हो चुकी है। नाती प्रमोद अपनी मां सुमन देवी के साथ कटकपुरी सेक्टर 23-ए गुड़गांव हरियाणा में रहता है। तीन दिन पहले उसने घर से कुछ रुपये चोरी कर लिए थे। इस पर उसकी मां ने उसे डांट दिया था। इसी बात पर नाराज होकर वह घर से भाग आया। एक गाड़ी में बैठकर वह यहां पहुंच गया। पुलिस को उसने अपहरण की झूठी कहानी बताई थी। उसकी दो बहनें अर्चना व वंदना हैं। पुलिस ने बालक को उसकी दादी के सुपुर्द कर दिया।