होली को सज गए बाजार, खूब बिके रंग और पकवान
फीरोजाबाद जागरण संवाददाता। हुरियारों की मस्ती के लिए बाजार सज गया है। विभिन्न प्रकार की पिचकारी मास्क और अन्य सामग्री की खूब बिक्री हो रही है।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: हुरियारों की मस्ती के लिए बाजार सज गया है। विभिन्न प्रकार की पिचकारी, अबीर, गुलाल और रंग बिरंगे रंगों से दुकानें सज गई हैं। बच्चों के लिए मास्क, लड़के-लड़कियों के लिए विग और रंग-बिरंगी पगड़ियां आकर्षण का केंद्र बनी हैं। मीठी गुझियों के साथ आलू के चिप्स, पापड़ का बाजार भी गुलजार हो गया है। त्योहार को देखते हुए महिलाएं व पुरुष खरीदारी में जुट गए हैं।
गुरुवार को रंगों का महापर्व होली है। इस त्योहार में महज दो दिन शेष हैं। ऐसे में बच्चों को लुभाने के लिए बाजार दुल्हन की तरह सज गए हैं। विभिन्न प्रकार के कार्टून कैरेक्टर और बाहुबली के साथ मोहन जोदड़ो और डोरीमेन, मोटू-पतलू, गिटार, मिनियन, छोटा भीम आदि की पिचकारियां बच्चों और बड़ों को अपनी ओर खींच रही हैं। इनकी कीमत 25 से लेकर 1500 रुपये तक है। वहीं मैजिक इंक, ऑरगेनिक, गुलाल साइनिग रंग और विभिन्न प्रकार के रंग मौजूद हैं।
रंग दस रुपये से लेकर 400 रुपये तक में उपलब्ध हैं। युवाओं को डरावने चेहरे वाले मास्क और विभिन्न प्रकार के विग पसंद आ रहे हैं।
शहर के सदर बाजार, सेंट्रल चौराहा, जलेसर रोड, स्टेशन रोड सहित अन्य बाजार में गुझिया की महक आने लगी है। वहीं चिप्स, पापड़ आदि नमकीन के साथ रसोई में काम आने वाले विविध तरह की खाद्य वस्तुएं उपलब्ध हैं। महिलाएं और पुरुष अभी से खरीदारी करने में जुट गए हैं। केसरिया रंग की अधिक डिमांड
इस वर्ष होली पर बाजार अलग ही रंग में नजर आ रहा है। हर वर्ष लाल, गुलाबी गुलाल की सर्वाधिक मांग रहती थी, लेकिन इस बार चुनाव को देखते हुए बाजार में केसरिया और नारंगी रंग की अधिक डिमांड है।
----
करंट मारती हैं ये मूछें:
आकर्षक चश्मे, मूंछों के साथ फनी मास्क भी मौजूद हैं, जिसे छूने से करंट का एहसास होता है। बच्चों और युवाओं को यह आयटम लुभा रहे हैं। इनकी खूब बिक्री हो रही है।