किचन दे रही थी किसी परिचित की गवाही, जांच में नतीजा सिफर
हाईवे से सटे जैन नगर की बंद गली में महिला की घर के अंदर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। घटना के बाद डॉग स्क्वायड और पुलिस अधिकारियों ने जांच की, मगर नतीजा सिफर है। किचन में रखा सामान परिचित के आने की गवाही दे रहा था।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: हाईवे से सटे जैन नगर की बंद गली में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से दहशत फैल गई। घर की किचिन के हालात बता रहे थे कि वारदात से पहले कोई परिचित शख्स घर में आया था। घर में ऐसा कोई सुबूत नहीं मिला है, जो लूटपाट के इरादे से हत्या की ओर इशारा कर रहा हो।
किचिन में गैस चूल्हे पर दूध रखा था जो उफन चुका था। वहीं दरवाजे की तरफ एक कटोरे में अन्नकूट की सब्जी ढकी हुई रखी थी। चाय भी बनाने की तैयारी थी और एक कप भी रखा था। बगल वाले तख्त पर पॉलिथिन में सेव रखे थे। सफेद रंग का एक बड़ा पॉलीबैग था, जो सुबह संजय के जाते समय नहीं था। इसके अलावा घर में बने दो कमरों में कोई भी ऐसा सामान नहीं दिखा, जिससे यह लगता हो कि किसी ने पैसे या जेवरात के लिए वारदात को अंजाम दिया है।
कल शाम बाजार में लुटा था मोबाइल: बताया गया कि संजय, पत्नी पूनम और बेटे के साथ रविवार की रात लगभग आठ बजे बाजार गए थे। एमजी कॉलेज के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल झपट्टा मारकर लूट ले गए। इसके बाद जब वे सुबह कारखाने गए तो पत्नी वाला मोबाइल ले गए थे।
डॉग स्क्वॉयड नहीं लगा पाया कोई सुराग: पुलिस का डॉग स्कवायड घटना में कोई खास सुराग नहीं दे पाया। घटना स्थल की जांच के बाद वह गेट तक बाहर आया। यह भी माना जा रहा है कि हत्यारा बाइक से गया होगा।
पूनम की अंगुली की अंगूठी थी गायब: संजय ने बताया कि पूनम हमेशा सोने की दो अंगूठी पहनती थीं, लेकिन वारदात के बाद अंगूठी गायब थी। वहीं पर्स के पैसे भी गायब बताए जा रहे हैं। हालांकि इसे हत्यारे द्वारा गुमराह किए जाने के लिए भी माना जा रहा है।
रात में कराया पोस्टमार्टम, पहुंचे उद्यमी:एसएसपी से अनुरोध किए जाने पर रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। महिला आयोग सदस्य सुमन चतुर्वेदी, उद्योगपति प्रदीप गुप्ता, महेंद्र बंसल, राजेंद्र बोहरे, अमित गुप्ता सुरेंद्र राठौर आदि उनके घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।