बरातियों की गाड़ी सीज, पैदल गया दूल्हा
बरातियों की गाड़ी सीज पैदल गया दूल्हा-फोटो-11 12
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: प्रशासन की अनुमति लेकर अलीगढ़ से आई बरात का वाहन सुभाष तिराहा पर पुलिस ने सीज कर दिया। इसके बाद दूल्हे को पैदल जाना पड़ा। बराती एक वाहन की परमिशन नहीं दिखा पाए थे, इस पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
सरकार ने लॉकडाउन में शादियों की सशर्त अनुमति दी है। शादी में 20 लोग शामिल हो सकते हैं। इन शर्तों के तहत अलीगढ़ के लोहागढ़ निवासी सौरव कुमार पुत्र पप्पू ने शादी की अनुमति अलीगढ़ प्रशासन से ली थी। उनकी बरात नई बस्ती में जानी थी। बारात दोपहर लगभग ढाई बजे सुभाष तिराहे पर पहुंची। यहां वाहन चेकिग कर रहे गांधी पार्क पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बारात लेकर जा रही टाटा सूमो और वैगनआर को रोक लिया। दूल्हे के पिता से दोनों गाड़ियों का अनुमति पत्र दिखाने को कहा, लेकिन वह वैगनआर का अनुमति पत्र नहीं दिखा सके। उन्होंने बताया कि टाटा सूमो और इनोवा में बारात ले जाने की अनुमति प्रशासन से ली गई थी। कुछ दूरी तय करने के बाद इनोवा खराब हो गई, इसके बाद बारातियों को वैगनआर से लाया गया, इसलिए इस गाड़ी का अनुमति पत्र नहीं है, लेकिन पुलिस उनके तर्कों को सुनने के लिए तैयार नहीं थी। तुरंत ही वाहन को सीज कर दिया गया। इसके बाद दूल्हे को अपने रिश्तेदारों के साथ काफी दूर तक पैदल जाना पड़ा। शनिवार को पुलिस की सख्ती के कारण कई लोगों को परेशान होना पड़ा। जिनके पास प्रशासन की अनुमति थी उनके भी चालान काटे गए। चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि अनुमति पत्र नहीं दिखा पाने पर वैगनआर को सीज करने की कार्रवाई की गई।
वाहन खराब होने की सूचना बरातियों को वहां के प्रशासन को देनी चाहिए थे। बिना अनुमति की गाड़ी कंटेनमेंट एरिया में लाने के कारण वाहन सीज किया गया। पास वाले वाहनों के चालान नहीं काटे जा रहे हैं। ऐसी शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रबल प्रताप सिंह, एसपी सिटी