मनमानी किराया वसूली के खिलाफ छात्रों का हंगामा
मनमानी किराया वसूल करने से परेशान छात्र-छात्राएं शुक्रवार सुबह सड़क पर उतर आए और मैनपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया।
संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद: बैटरी चालित रिक्शा और ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा मनमानी किराया वसूल करने से परेशान छात्र-छात्राएं शुक्रवार सुबह सड़क पर उतर आए और मैनपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया। विद्यार्थियों के हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर जाम खुलवाया।
नगर पालिका प्रशासन ने तीन माह पहले नगर में वाहन पार्किंग का ठेका उठाया था। पिछले साल की अपेक्षा इस बार इसे अधिक रेट पर उठाया गया। इससे पालिका को मिलने वाला राजस्व तो बढ़ गया, लेकिन छात्र-छात्राओं की मुसीबत बढ़ गई। बैटरी चालित रिक्शा चालकों को हर साल 360 रुपये और ऑटो रिक्शा चालकों को 600 रुपये पालिका में जमा करना है। इससे पहले ऑटो रिक्शा से 350 रुपये वसूली होती थी। इस कारण इनके द्वारा किराया भी बढ़ा दिया गया है। पहले एटा चौराहे से रेलवे स्टेशन तक के पांच रुपये लगते थे, अब दस रुपये किराया वसूला जा रहा है। इस मामले को लेकर छात्र-छात्राएं कई दिन से नाराज थे। सुबह करीब दस बजे उन्होंने रास्ता जाम कर दिया। इससे वाहनों की दोनों तरफ कतार लग गई। छात्रों ने बताया कि ऑटो चालक मनमानी किराया वसूलते हैं। छात्र नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। मौके पर आयी पुलिस ने कहा कि वह उनकी मांगों की जानकारी नगर पालिका प्रशासन को दे देंगे। कोशिश होगी कि किराया कम हो जाए। इस आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर उनसे पांच रुपये के बजाय दस रुपये वसूले गए तो वे फिर रास्ता जाम करेंगे।