डीलरों की हड़ताल खत्म, आज से बंटेगा राशन
पांच सितंबर से चल रही राशन डीलरों की हड़ताल सोमवार को डीएसओ के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। अब मंगलवार से राशन वितरण शुरू हो जाएगा। इसके लिए पर्यवेक्षण अधिकारी तैनात कर दिए हैं।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: पांच सितंबर से चल रही राशन डीलरों की हड़ताल सोमवार को डीएसओ के आश्वासन पर खत्म हो गई। जिले की सभी दुकानों पर मंगलवार सुबह से खाद्यान्न वितरण शुरू हो जाएगा।
आधार कार्ड के दम पर बड़े पैमाने पर राशन घोटाला सामने आने के बाद जिले के 12 डीलरों पर एफआइआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद जिले भर के राशन डीलर एकजुट हो गए। गोदामों से खाद्यान्न पूरा न मिलने और अधिकारियों द्वारा शोषण का आरोप लगाते हुए बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी थी। इससे इस महीने में अब तक राशन नहीं बंटा। सोमवार सुबह डीएसओ अमित कुमार तिवारी ने राशन डीलर को बुलाया। 200 से अधिक डीलर मुख्यालय पर एकत्रित हुए और नारेबाजी की। इसके बाद डीएसओ से वार्ता हुई। ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन जिलाध्यक्ष फिरोज अली ने अपनी मांगें रखी। डीएसओ ने आश्वासन दिया कि गोदामों से घटतोली रुकवाने को वह अपने स्तर से पूरा प्रयास करेंगे और खाद्यान्न वितरण में विभाग पूरा सहयोग करेगा। दुकान पर खाद्यान्न की डिलेवरी और कमीशन बढ़ाने की बात शासन के सामने रखी जाएगी। आश्वासन पर फेडरेशन ने हड़ताल वापस लेने का एलान कर दिया। फिरोज अली ने बताया मंगलवार सुबह आठ बजे से सभी डीलर राशन वितरित करेंगे। वार्ता के दौरान अनिल कुमार, सुशील कुमार पौनिया, अतुल कुमार, हरवेश कुमार, धनपाल वर्मा, राकेश कुमार, मातादीन यादव, रामनाथ शर्मा आदि मौजूद रहे।
पांच सितंबर के लिए राशन दुकानों पर जिन पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को नियुक्त किया गया था, वही अपनी उपस्थिति में मंगलवार को राशन का वितरण कराएंगे।
-अमित कुमार तिवारी,
जिला पूर्ति अधिकारी