रोडवेज बताकर प्राइवेट बस में बिठा लिए यात्री, हंगामा
फीरोजाबाद-रोडवेज बताकर प्राइवेट बस में बिठा लिए यात्री। उन्हें जब बस प्राइवेट होने की जानकारी मिली तो यात्रियों ने हंगामा किया।
फीरोजाबाद: हाईवे पर रोडवेज रंग में दौड़ रहीं प्राइवेट बस के कंडक्टर ने यात्रियों के साथ अभद्रता कर दी। यात्रियों ने चौराहा पर जमकर हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। कागज न दिखाने पर पुलिस ने बस को सीज कर दिया। रोडवेज रंग में दौड़ रहीं बसे सरकार को हर रोज लाखों रुपये का चूना लगा रही हैं।
मामला बुधवार रात्रि का है। एक रोडवेज कलर की बस आगरा से कासगंज जा रही थी। आगरा से यात्रियों को रोडवेज बताकर उसमें बिठा लिया गया। जब टिकट का नंबर आया तो कंडक्टर ने अलग तरह की टिकट दी। जबकि किराया रोडवेज का वसूला जा रहा था। नाराज यात्रियों ने बस में हंगामा शुरु कर दिया। जिस पर कंडक्टर व चालक ने यात्रियों से अभद्रता कर दी। बस के टूंडला आते ही यात्री नीचे उतर आए और हंगामा करने लगे। हंगामा होता देख चौकी इंचार्ज विपिन कुमार पहुंच गए। यात्रियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बस में यात्रा कर रहे थाना क्षेत्र के नगला सोना निवासी संजीव कुमार पुत्र उदयवीर सिंह ने टिकट दिखाते हुए चालक और कंडक्टर के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की। यात्रियों का आरोप था कि बस रोडवेज के रंग की है। रात्रि के अंधेरे में यात्रियों को गुमराह कर इसमें बिठा लिया। ऐसे में बस के अंदर यदि यात्रियों के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसके लिए जिम्मेदारी कौन होगा। यात्रियों की शिकायत पर पुलिस ने चालक से गाड़ी के कागजात मांगे लेकिन वह नहीं दिखा सका। कागज न दिखाए जाने पर पुलिस ने बस को सीज कर यात्रियों को दूसरी बस में बिठाकर रवाना किया। पुलिस का कहना है कि कोई लिखित तहरीर नहीं आई है। कागज न होने के कारण बस को सीज किया गया है।