आध्यात्मिकता से बनता है मानव जीवन आसान
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि द्वारा गांधी पार्क में लगाए गए प
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि द्वारा गांधी पार्क में लगाए गए पांच दिवसीय शिविर में पहले दिन प्रो.गिरीश भाई ने आध्यात्मिकता के संबंध में बताते हुए कहा आध्यात्मिकता एवं धार्मिकता में अंतर है। आध्यात्मिकता का अर्थ है मावन जीवन को आसान बनाना। मोबाइल को साइलेंट मोड पर लगाना जितना आसान है, उतना ही मुश्किल है मन को साइलेंट मोड पर लगाना। हमें मन के बटन को खोजना होगा। इसके लिए यह शिविर लगाया है।
गांधी पार्क में शिविर के पहले दिन सुबह साढ़े पांच बजे से ही भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। शहर के प्रमुखजनों के साथ उद्यमी तथा राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों ने भी शिविर में प्रतिभाग किया। प्रो.गिरीश भाई ने कहा आध्यात्मिकता का अर्थ है सत्य को स्वीकार करना। गुरुत्वाकर्षण शक्ति का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह ऊपर कोई चीज फेंकने पर नीचे गिरती है, उसी तरह संसार में हर व्यक्ति के लिए एक ही नियम है। फिर चाहे वह पतला हो या मोटा। अमीर हो या गरीब। धरती अपने सत्य के धर्म के आधार पर चलती है। गुरुत्वाकर्षण को किसी न्यूटन ने नहीं बनाया था, उसने इसकी खोज की थी। सत्य सिर्फ एक ही है भगवान। क्रीम लगाकर लोग सुंदर बनते हैं, लेकिन फिर भी सुंदर नहीं हो पा रहे हैं, क्योंकि उनकी सोच ठीक नहीं है। परेशानी बाहर नहीं है, अंदर है। इस सत्य को स्वीकार करना होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महापौर नूतन राठौर, देवीचरन अग्रवाल, डॉ. प्रभाष्कर राय, पवन सीए, राकेश सीए, विनोद शर्मा, सुनील टंडन, अनुज अग्रवाल एवं पवन अग्रवाल आदि उपस्थित थे।