बाजार खुलते ही दुकानें हुई सेनिटाइज, दौड़े कर्मचारी
बाजार खुलते ही दुकानें हुई सेनिटाइज दौड़े कर्मचारी
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जिला प्रशासन की अनुमति के बाद सोमवार को बाजार में रौनक लौटी। सुबह नौ बजे से बाजार में दुकानें खुलना शुरू हो गई, तो लोग खरीदारी के लिए पहुंचने लगे। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन सुबह से सक्रिय रहा। चार-चार अलग टीमें बनाकर बाजार में खुली सभी दुकानों को सैनिटाइज कराया गया।
25 मार्च से पहला लॉकडाउन लागू होने के साथ ही पूरे जिले में सभी बाजार व कारखाने बंद हो गए थे। दो माह से अधिक समय से बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ था। सड़कों पर पुलिस का पहरा था, जिससे लोग बिना वजह बाहर न निकलें। अनलॉक-1 की घोषणा के साथ रविवार को देर शाम जिला प्रशासन ने नगर निगम सीमा में चार कंटेंनमेंट जोन को छोड़कर बाजार खोलने की अनुमति प्रदान की। सोमवार को सुबह नौ बजे से उत्तर साइड का बाजार खुलना शुरू हुआ। इसमें सुभाष तिराहे से गांधीपार्क, सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजार, शास्त्री मार्केट, घंटाघर से नालबंद तक बाजार खुला। इसके साथ सेंट्रल चौराहे से बर्फखाना होते हुए क्लब चौराहे तक, गंज चौराहे से डाकखाना चौराहा होते हुए कोटला चुंगी चौराहे तक बाजार खुला। बाजार खुलते ही लोग खरीदारी के लिए पहुंचने लगे, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया। नगर आयुक्त विजय कुमार ने सुबह नौ बजे नगर बाजार को सैनिटाइज करने के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कीं। कर्मचारी सुबह से दोपहर तक दुकानों को सैनिटाइज करने के लिए दौड़ते रहे।