छायी रही कोहरे की चादर, नहीं मिली ठंड से निजात
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। गुरुवार को भी मौसम खराब होने की वजह से जनता ठंड से सिकुड़ती नजर आई। बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। दो दिनों से धूप नहीं खिलने से बुजुर्ग भी आहत हैं। कोहरा के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। गुरुवार को भी मौसम खराब होने की वजह से जनता ठंड से सिकुड़ती रही। सुबह से ही कोहरे की चादर तनी रही। कोहरे की वजह से हाईवे और लखनऊ एक्सप्रेस वे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दोपहर में कुछ देर के लिए सूर्य देव ने दर्शन दिए।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि कोहरा रात में भी था, लेकिन भोर होने के साथ ही कोहरा और घना होता गया। सुबह 10 बजे तक दृश्यता इस कदर कम थी कि बमुश्किल दो सौ मीटर तक ही साफ दिखाई दे रहा था। इस कारण वाहन धीमी रफ्तार से दौड़ते रहे। इसकी चादर में सूर्य देव की किरणें छिपी रहीं। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन इसकी किरणें निस्तेज ही रहीं। इस वजह से ठंड से परेशान लोगों को इससे अधिक राहत नहीं मिल सकी। दोपहर ढाई बजे के बाद सूर्य की किरणें फिर छिप गईं और शाम होने के साथ ही ठंड भी बढ़ती गई। रात में भी कोहरा छाया रहा।
---
कोहरे से बिगड़ा ट्रेनों का संचालन, दर्जनों ट्रेनें लेट
टूंडला: कोहरे के चलते दर्जनों ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। जिसके चलते यात्रियों को स्टेशन पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। गुरुवार को भी दर्जनों ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चली। देरी से चलने वाली ट्रेनों में कालका मेल, अवध एक्सप्रेस, कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, जोगवनी एक्सप्रेस, कोलकता-नई दिल्ली राजधानी, महानंदा एक्सप्रेस, हाबड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस, हाबड़ा-आनंद बिहार एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, गंगा-जमुना एक्सप्रेस, बृह्मपुत्र मेल, मगध, वैशाली, मुरी एक्सप्रेस आदि प्रमुख हैं।