नौ मिनट के फेर में फंस गया संजय, रहस्य से पर्दा उठा सकती है पुलिस
जैन नगर के सनसनीखेज पूनम हत्याकांड के शक की सुई अब उसके पति की ओर है। नौ मिनट के फेर में वह फंसते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस मामले में आज रहस्य से पर्दा उठा सकती है।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जैन नगर के सनसनीखेज पूनम हत्याकांड के शक की सुई अब उसके पति पर जाकर टिक गई है। महज नौ मिनट की कहानी में पूनम का एकाउंटेंट पति फंस गया। कई घंटों की पूछताछ के बाद अब तस्वीर साफ होती जा रही है। घर से लेकर रिश्तेदारों की पड़ताल कर चुकी पुलिस हत्याकांड से मंगलवार को पर्दा उठा सकती है।
कांच कारखाने में कई वर्षों से एकाउंटेंट की नौकरी करने वाला संजय अग्रवाल की पत्नी पूनम की बीते सोमवार की दोपहर दो बजे घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद घर में सबसे पहले पूनम का 12 वर्षीय बेटा पहुंचा और उसके बाद उनकी बहन का लड़का। घटना की सूचना पाकर घर पहुंचे संजय के हाव-भाव से पुलिस को शक हुआ। पुलिस की हर बार हुई पूछताछ में संजय ने बताया कि वह सुबह साढे दस बजे कारखाना चला गया था। जैन नगर में नर्सिंग होम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर पुलिस चौक गई। इसमें संजय घर से बाहर निकलने के बाद रास्ते से वापस लौटकर घर की तरफ गया और फिर नौ मिनट बाद वापस लौटा। पुलिस ने जब घर से निकलने के बाद वापस लौटने के बारे में संजय से पूछता तो उसने साफ मना कर दिया। इसके बाद सीसीटीवी की फुटेज दिखाई तो कहने लगा कि नौ मिनट की कहानी उसे याद नहीं। बस इसी आधार पर उस पर शिकंजा कसने लगा है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस हत्याकांड का मंगलवार को पर्दाफाश कर सकती है।
- बंद चल रहा था घर का काम, नहीं थे परिवार से रिश्ते: पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि संजय के अपने परिवार वालों से कोई संबंध नहीं थे। कई महीनों की काल डिटेल खंगाली गई। इन संबंधों में आई खटास के लिए वह पत्नी को जिम्मेवार मानता था। इसके अलावा उसने मकान का काम बंद कर रखा था, जिसको लेकर पत्नी से संबंध तनावपूर्ण चल रहे थे। पूनम के रिश्तेदार भी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं।